नई दिल्ली /रफ्तार डेस्क । आईपीओ बाजार में जल्द ही एक नई कंपनी दस्तक देने जा रही है, जिससे निवेशकों के सामने कमाई का एक और मौका खुल सकता है। मोबाइल ऐप के जरिए ब्यूटी और होम केयर सेवाएं प्रदान करने वाली अर्बन कंपनी ने सोमवार को अपने प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए बाजार नियामक सेबी के पास शुरुआती पेपर्स जमा कराए हैं। कंपनी का लक्ष्य इस पेशकश से कुल 1,900 करोड़ रुपये जुटाने का है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) में बताया गया है कि इसमें से 429 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि मौजूदा निवेशक अपनी हिस्सेदारी से लगभग 1,471 करोड़ रुपये के शेयर ऑफर करने की योजना बना रहे हैं।
कौन बेच रहा है शेयर?
रिपोर्ट के अनुसार, अर्बन कंपनी के आईपीओ में ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए जो निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचने जा रहे हैं, उनमें एक्सेल इंडिया, एलिवेशन कैपिटल, बेसेमर इंडिया कैपिटल होल्डिंग्स II लिमिटेड, इंटरनेट फंड वी प्राइवेट लिमिटेड और वीवाईसी11 लिमिटेड शामिल हैं।
कंपनी को IPO से मिलने वाली रकम का उपयोग कई प्रमुख कार्यों के लिए किया जाएगा। इसमें लगभग 190 करोड़ रुपये नई टेक्नोलॉजी और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए खर्च किए जाएंगे। 70 करोड़ रुपये ऑफिस लीज से जुड़ी जरूरतों पर, 80 करोड़ रुपये मार्केटिंग गतिविधियों में और बची हुई राशि सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल की जाएगी।
Urban Comapny क्या करती है?
अर्बन कंपनी एक टेक्नोलॉजी-ड्रिवन, फुल-स्टैक ऑनलाइन मार्केटप्लेस है, जो घरेलू और ब्यूटी से जुड़ी सेवाओं की एक विस्तृत रेंज उपलब्ध कराती है। यह प्लेटफॉर्म उपभोक्ताओं को सफाई, कीट नियंत्रण, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबिंग, बढ़ईगीरी, उपकरण मरम्मत, पेंटिंग, स्किन केयर, हेयर ग्रूमिंग और मसाज थेरेपी जैसी सेवाएं बुक करने की सुविधा देता है। 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी की मौजूदगी भारत, यूएई, सिंगापुर और सऊदी अरब के कुल 59 शहरों में है, जिनमें से 48 शहर भारत में स्थित हैं।
कौन संभालेगा इश्यू ?
अर्बन कंपनी की सेवाएं उपभोक्ताओं को उनकी सुविधा के अनुसार, स्वतंत्र सेवा पेशेवरों द्वारा प्रदान की जाती हैं, जो कंपनी के प्लेटफॉर्म से जुड़े होते हैं। आईपीओ के प्रबंधन की जिम्मेदारी कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, मॉर्गन स्टेनली इंडिया कंपनी, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और जेएम फाइनेंशियल को सौंपी गई है, जो इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम करेंगे।





