नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस रान्या राव को बेंगलुरु के कैम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 14.8 किलो सोना जब्त किया गया है। इस सोने की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये है। एक्ट्रेस रान्या राव अपने कपड़ों में सोने की छड़ें छिपाकर भारत ला रही थीं। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान उनके जैकेट के अंदर भी सोना मिला। जांच में ये भी सामने आया है कि एक्ट्रेस अपनी बॉडी, जांघों और कमर पर टेप लगाकर सोने की तस्करी करती थी। यह पहला मामला नहीं है जब इस तरह सोने की तस्करी हुई हो। आइये जानते हैं कि अब तक पकड़े गए लोगों ने सोने की तस्करी करने के लिए कौन से तरीके अपनाए।
अक्सर ऐसी खबरें आती हैं कि एयरपोर्ट पर कस्टम वालों ने सोने की तस्करी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर सोने को छुपाने के लिए खजूर,अंडरवियर, कॉफी मशीन, ट्रॉली बैग का इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं वो अपने प्राइवेट पार्ट्स में भी सोना छुपाकर लाते हैं।
प्राइवेट पार्ट में छुपाया था सोना
पिछले साल एक एयर होस्टेस को गिरफ्तार किया गया, जिसने मस्कट से भारत लाते समय करीब एक किलो सोना अपने शरीर के आंतरिक हिस्से में छिपा रखा था। केरल के कन्नूर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक एयर होस्टेस से यह सोना बरामद हुआ था। यह बताया गया कि वह पहले भी इस तरीके से सोने की तस्करी कर चुकी थी।
खजूर में छिपाया था सोना
हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री को गिरफ्तार किया गया, जिसने जेद्दा से दिल्ली आते समय खजूर के अंदर सोना छिपा रखा था। कस्टम अधिकारियों को उसके संदेहास्पद व्यवहार के कारण उसकी गहन जांच की और सोना बरामद किया।
अंडरवियर में सोना छिपाया
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री से 1.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना पकड़ा गया। जब उसकी एक्स-रे जांच की गई, तो अधिकारियों को संदेह हुआ और फिर उसकी व्यक्तिगत तलाशी में वह सोना अंडरवियर और बैग से बरामद हुआ। यह सोना पेस्ट रूप में था, जिसे सफेद चिपकने वाले टेप में लपेट कर रखा गया था।
कॉफी मशीन में सोना छुपाया
लखनऊ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने ढाई करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना पकड़ा। यह सोना दुबई और शारजाह से लाया जा रहा था। एक यात्री ने 3 किलो से अधिक सोना कॉफी मशीन के बॉयलर में छुपा रखा था, जबकि दूसरे ने 554 ग्राम सोने का पेस्ट अपने शरीर में छिपा रखा था।
ट्रॉली बैग में सोना तारों में लपेटकर छुपाया था
2025 की शुरुआत में दिल्ली एयरपोर्ट पर एक दंपति को सोने की तस्करी करते पकड़ा गया। उनके पास से 1.9 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसमें से एक यात्री के ट्रॉली बैग में डेढ़ किलोग्राम सोना 15 चांदी जैसे दिखने वाले तारों में लपेटकर छुपाया गया था।
टॉफी के रैपर में छुपाया सोना
दिल्ली एयरपोर्ट पर एक और यात्री को पकड़ा गया, जिसने 17 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सोना टॉफी के रैपर में छुपाकर रखा था।
गौरतलब है कि सोने की तस्करी करने के लिए कई अनोखे तरीके अपनाए जाते हैं। एक बार कुछ तस्करों को आंत में सोना छुपाकर लाते हुए पकड़ा गया, तो वहीं एक बार सूडान के यात्री सोने की छड़ों से बने बेल्ट में सोना छुपाकर ला रहे थे। कभी-कभी सोने को कैप्सूल और मोम के रूप में भी छुपाया जाता है।




