नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही। बीएसई सेंसेक्स 36.24 अंक गिरकर 82,534.66 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी 50 मामूली बढ़त के साथ 25,196.60 पर खुला, लेकिन जल्दी ही 36 अंक गिरकर 25,160 तक पहुंच गया।
किन शेयरों में आई गिरावट और बढ़त?
गिरावट वाले शेयर: श्रीराम फाइनेंस, Zomato (Eternal), महिंद्रा एंड महिंद्रा, JSW स्टील, सिप्ला, बजाज फाइनेंस और बजाज ऑटो, इन शेयरों में 3% तक की गिरावट दर्ज हुई। बढ़त वाले शेयर: विप्रो, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स, HDFC बैंक, HDFC लाइफ और अडानी एंटरप्राइजेज, इन कंपनियों के शेयर लाभ में रहे। निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल इंडेक्स में लगभग 0.4% की गिरावट दर्ज हुई। निफ्टी मीडिया और पीएसयू बैंक इंडेक्स में 0.75% तक की बढ़त रही। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स ने भी लगभग 0.25% की तेजी दिखाई।
बीते दिन की मजबूती के बाद फिर गिरावट
मंगलवार को बाजार ने चार दिनों की गिरावट के बाद रिकवरी की थी सेंसेक्स 317 अंक चढ़कर 82,570 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 113 अंक की मजबूती देखी गई थी। लेकिन बुधवार को फिर बाजार पर दबाव लौटा।
इन कंपनियों के नतीजों पर रहेगी नजर
आज इन कंपनियों की तिमाही रिपोर्ट आनी है, जो बाजार में हलचल पैदा कर सकती हैं: टेक महिंद्रा, ITC होटल्स, एंजेल वन, डीबी कॉर्प, L&T टेक सर्विसेज, लोटस चॉकलेट, रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर व अन्य।
एशियाई बाजारों की गिरावट का असर
अमेरिका में जून में महंगाई दर 2.7% पहुंच गई है, जिससे ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें घट गईं। इसका असर एशियाई बाजारों पर पड़ा: जापान का निक्केई 0.2% गिरा कोरिया का कोस्पी 0.8% गिरा कोस्डैक में 0.5% और टॉपिक्स में 0.11% की गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका में महंगाई और टैरिफ तनाव की वजह से दुनियाभर के बाजारों में बेचैनी है। भारतीय बाजार भी इससे अछूता नहीं रहा। निवेशकों को सतर्क रहना होगा, खासकर कंपनियों के तिमाही नतीजों और वैश्विक संकेतों पर नजर रखना जरूरी है।




