नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ग्लोबल बाजार अपने रौद्र रूप में नजर आ रहा है। बीते दिन US Market में भारी भरकम गिरावट देखी गई थी जबकि बुधवार सुबह शेयर बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में भी तगड़ी गिरावट देखी जा रही है। दिन का कारोबार शुरु होने से पहले ही शेयर बाजार क्रैश होता हुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार सुबह बाजार शुरु होते ही 1605 शेयरों में गिरावट देखी गई।
खुलते ही गिरावट दर्ज
निवेशकों के लिए बुधवार की सुबह अच्छी खबर नहीं लेकर आई। बाजार खुलते ही भारतीय शेयर बाजार पर ग्लोबल बाजार का असर देखा गया। सेंसेक्स और निफ्टी भारी गिरावट के साथ खुले, BSE Sensex 567.26 अंक लुढ़का और NSE Nifty 185.40 अंक टूटी। बाजार शुरु होते ही 81,988.18 के निशान पर था जबकि निफ्टी 25,094.40 पर था। बात करें बीते दिन की तो बाजार बंद होने तक सेंसेक्स 82,555.44 पर था और निफ्टी 25,279 के स्तर पर बंद हुआ।
1500 से ज्यादा शेयरों में गिरावट
बाजार खुलते के साथ ही तकरीबन 1605 शेयर लाल निशान में गिरावट के साथ खुले जबकि तकरीबन 879 शेयरों मे तेजी देखी गई, हालांकि करीब 150 शेयर ऐसे भी थे जिन पर इस गिरावट का कोई असर नहीं देखा गया और सपाट ओपनिंग के साथ खुले। बढ़त वाले शेयरों में एशियन पेंट (Asian paints), सन फार्मा (Sun Pharma), और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) शामिल हैं, जबकि गिरावट वाले शेयरों में ओएनजीसी (ONGC), हिंडाल्को (Hindalco), विप्रो (Wipro), जेडब्ल्यू स्टील (JSW Steel) और एलटीआईमाइंडट्री (L&T Mindtree) शामिल हैं।
US Market में मचे हाहाकार का असर
अमेरिकी बाजार जब मंगलवार को खुला तो भारी गिरावट के साथ खुला। S&P500 के अधिकतर शेयरों में गिरावट दर्ज हुई, तो वहीं डाओ जोन्स और नैस्डेक 3% से ज्यादा गिर गए। इसका सीधा असर जापान के निक्केई और एशियन बाजारों में देखा जा रहा है।




