नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने होम लोन की ब्याज दरों में 0.50% की कटौती की है। यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक के रेपो रेट घटाने के बाद लिया गया है। नई ब्याज दरें 15 जून 2025 से लागू होंगी। अब SBI से होम लोन लेने वालों को उनकी क्रेडिट स्कोर यानी CIBIL स्कोर के आधार पर 7.5% से 8.45% के बीच ब्याज दर चुकानी होगी। इससे पहले यह दर ज्यादा थी, जिससे लोन की EMI भी अधिक होती थी। SBI का EBLR (External Benchmark Lending Rate) अब घटकर 8.15% हो गया है।
रेपो रेट घटने से सस्ता हुआ लोन
RBI ने 6 जून 2025 को रेपो रेट में 0.50% की कटौती की थी, जिससे यह 6% से घटकर 5.50% हो गया। SBI के सभी होम लोन रेपो रेट से जुड़े EBLR सिस्टम पर आधारित होते हैं। इसलिए जैसे ही रेपो रेट घटता है, वैसे ही होम लोन की दरें भी नीचे आ जाती हैं। नई दरें लागू होने के बाद उन ग्राहकों को फायदा मिलेगा जिन्होंने फ्लोटिंग रेट पर लोन लिया है। उनकी EMI अब पहले से कम होगी, जिससे उनकी मासिक बचत बढ़ेगी। हालांकि जिनका लोन फिक्स्ड रेट पर है, उन्हें इस बदलाव का लाभ नहीं मिलेगा।
स्पेशल डिपॉजिट स्कीम में भी कटौती
SBI ने अपनी 444 दिन की स्पेशल डिपॉजिट स्कीम पर भी ब्याज दर में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की है। यानी अब इस स्कीम पर भी कम ब्याज मिलेगा।
MCLR में कोई बदलाव नहीं
SBI ने यह भी साफ किया है कि MCLR (Marginal Cost of Funds Based Lending Rate) में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी जिन ग्राहकों का लोन MCLR रेट से जुड़ा है, उनकी EMI में कोई फर्क नहीं आएगा। ये वह न्यूनतम ब्याज दर है, जिससे नीचे बैंक अपने ग्राहकों को लोन नहीं दे सकता है इसलिए अगर आपका MCLR से जुड़ा है, तो दरें वहीं रहेंगी. एक साल का MCLR 9.00 परसेंट, छह महीने के लिए 8.90 परसेंट, तीन महीने के लिए 8.55 परसेंट और एक महीने के लिए 8.20 परसेंट है. CIBIL स्कोर 300 से 900 के बीच होता है। अगर आपका स्कोर ज्यादा (750+ या ऊपर) है, तो आपको कम ब्याज दर पर लोन मिलने की संभावना ज्यादा होती है। कम स्कोर वालों को बैंक ज्यादा ब्याज दर पर लोन देता है। SBI के इस फैसले से होम लोन ग्राहकों को बड़ा फायदा मिलेगा। EMI घटने से आर्थिक बोझ कम होगा और फ्लैट या घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह सही समय हो सकता है।




