नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने देशवासियों से अपील की है कि वे पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर घबराएं नहीं। कंपनी ने कहा है कि उसके पास पूरे देश के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, और सप्लाई लाइनें पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही हैं।
‘घबराकर ईंधन न खरीदें, हम आपकी सेवा में तत्पर हैं’
इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जनता सामान्य रूप से ही पेट्रोल-डीजल और गैस की खरीदारी करें। अनावश्यक भीड़ और पैनिक से बचें ताकि सभी तक सुचारू रूप से ईंधन पहुंचाया जा सके।
सोशल मीडिया पर कतारों की अफवाहें फैलीं, कंपनी को देना पड़ा जवाब
पाकिस्तान के साथ जारी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट सामने आए, जिनमें पेट्रोल पंपों पर भीड़ और लंबी कतारें दिख रही थीं। इन्हीं अफवाहों के बीच इंडियन ऑयल ने सामने आकर स्थिति साफ की।
‘हमारे सभी आउटलेट पर ईंधन और एलपीजी उपलब्ध’ – इंडियन ऑयल
कंपनी ने कहा, “देशभर में हमारे सभी आउटलेट पर ईंधन और एलपीजी आसानी से उपलब्ध है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कृपया शांत रहें और हमें आपकी सेवा बेहतर ढंग से करने दें।”
इंडियन ऑयल की मजबूती और भरोसे का रिकॉर्ड
भारत में 47% मार्केट शेयर पेट्रोलियम उत्पादों में इंडियन ऑयल का है। तेल शोधन में इसका हिस्सा 40% है। भारत की 19 रिफाइनरियों में से 10 इंडियन ऑयल के पास हैं। सरकार ने इसे ‘महारत्न’ कंपनी का दर्जा दिया है। इंडियन ऑयल ने यह भी कहा कि शांत और संयमित व्यवहार से ग्राहक सेवा बेहतर होती है और पेट्रोल पंप पर काम कर रहे कर्मचारियों पर भी अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता। हाल ही में ऑयल कंपनियों ने पेट्रोल पंप डीलरों का कमीशन बढ़ाया है, लेकिन कंपनी ने फिलहाल ईंधन की कीमतों में बदलाव को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है। देशवासियों को इंडियन ऑयल ने साफ संदेश दिया है स्टॉक पर्याप्त है सप्लाई सुचारू है शांति बनाए रखें और अफवाहों से दूर रहें देश जिस कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में संयम और भरोसा ही सबसे जरूरी है।





