नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अपनी बेहतरीन क्वालिटी के कारों के लिए पहचाना जाने वाला जापान धीरे-धीरे ही सही लेकिन अब भारत पर निर्भर हो रहा है। भारत में बनने वाली मारुति की कार अब जापान को निर्यात किया जा रहा है। मंगलवार को मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी एसयूवी कार फ्रोंक्स का जापान को निर्यात करना शुरू कर दिया है।
1600 से ज्यादा वाहनों की पहली खेप जापान रवाना
इस संबंध में कंपनी मारुति सुजुकी ने एक बयान जारी कर कहा कि गुजरात के पीपावाव बंदरगाह से 1600 से अधिक वाहनों की पहली खेप को जापान के लिए रवाना कर दिया गया है। फ्रोंक्स कंपनी की पहली SUV होगी जिसे जापान में पेश किया जाएगा। कंपनी इस मॉडल को गुजरात के प्लांट में तैयार करती है। गौरतलब है कि बलेनो के बाद फ्रोंक्स मारुति सुजुकी का दूसरा मॉडल है, जिसे जापान में निर्यात किया जा रहा है। बलेनो का 2016 में जापान को निर्यात किया गया।
मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक ने दी जानकारी
मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने इस संबंध में बताते हुए कहा कि “जापान दुनिया की सबसे एडवांस मोटर व्हीकल मार्केट्स में से एक है। हमारा जापान जैसे आधुनिक देश को वाहन निर्यात करना मारुति सुजुकी की विश्वस्तरीय वाहनों के निर्माण की क्षमता का प्रमाण है। यह अत्याधुनिक तकनीक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सुरक्षा तथा गुणवत्ता मानकों की मिसाल है।”
वैश्विक स्तर पर ब्रांड इंडिया की छवि हुई मजबूत- पीयूष गोयल
बता दें कि, पहली बार फ्रोंक्स को वैश्विक स्तर पर ऑटो एक्सपो 2023 में पेश किया गया। जिसके बाद 24 अप्रैल 2023 को फ्रोंक्स को भारत में पेश किया गया था। इस संबंध में वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी अपना बयान जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि मारुति सुजुकी इंडिया के एसयूवी मॉलड फ्रॉन्क्स का जापान के लिए निर्यात शुरू होने से वैश्विक स्तर पर ब्रांड इंडिया की छवि और मजबूत हुई है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in





