नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन घोषित कर दिया गया है। टाटा ट्रस्ट रतन टाटा की संस्था है। रतन टाटा का 9 अक्टूबर को 86 साल की उम्र में निधन हो गया था। इसके बाद से उनके उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा की जा रही थी।
टाटा ग्रुप में टाटा ट्रस्ट की 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है
टाटा ट्रस्ट टाटा ग्रुप की परोपकारी संस्था है। इसकी 13 लाख करोड़ रुपये के रेवेन्यू वाले टाटा ग्रुप में 66% की हिस्सेदारी है। इसके तहत आने वाले सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट के पास ही टाटा संस की 52% हिस्सेदारी है।
रतन टाटा के सौतेले भाई हैं नोएल टाटा
नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। नोएल टाटा इससे पहले से ही सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं। नोएल टाटा वर्तमान में टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रेसीडेंट और नॉन एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे हैं। पिछले 40 सालों से नोएल टाटा ग्रुप का हिस्सा हैं।
कई कंपनियों में हैं बोर्ड के अध्यक्ष
वह टाटा समूह की कई कंपनियों में बोर्ड अध्यक्ष के पद पर काम कर रहे हैं। इन कंपनियों में ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इंवेस्टमेंट कॉर्पोरेशन शामिल हैं और टाटा स्टील,टाइटन कंपनी लिमिटेड के वह वाइस प्रेसीडेंट हैं। नोएल ने अगस्त 2010 से नवंबर 2021 तक प्रबंधक निदेशक के रूप में टाटा इंटरनेशनल लिमिटेड में काम किया। यहां उन्होंने कंपनी को $500 मिलियन के टर्नओवर से $3 बिलियन से अधिक तक बढ़ाने का काम किया।
रतन के एक और भाई हैं जो बिजनेस से कोसों दूर हैं
नोएल टाटा के अलवा रतन टाटा के एक और भाई है जिमी टाटा, जो 90 के दशक में रिटायरमेंट ले चुके हैं। रतन की तरह जिमी ने भी शादी नहीं की थी। जिमी टाटा 25 सालों से टाटा के कारोबार से दूर हो चुके। वह मुंबई के कोलाबा में दो बेडरूम के घर में रहते हैं।





