नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कारोबारी दिन की धीमी शुरुआत के बाद भी शेयर बाज़ार में गुरुवार को तेज़ी दिखी। Nifty आज पहली बार 23000 के एकदम करीब पहुंच गया। आज निफ्टी ने पहली बार 22900 के आंकड़े को पार किया। इस तेजी के पीछे लोकसभा चुनाव के संभावित नतीजों का भी बड़ा हाथ माना जा रहा है।
23000 के एकदम करीब पहुंचकर बंद हुआ Nifty
दिन की शुरुआत निफ्टी ने फ्लैट ओपनिंग से की। हालांकि, दिन बीतते-बीते बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयर्स में 350 पॉइंट्स से ज्यादा की तेज़ी देखने को मिली। इसी के चलते दिन के आखिर में निफ्टी 22967.65 पर बंद हुआ। ये निफ्टी का ऑलटाइम हाई है।
इन शेयर्स की वजह से चमका निफ्टी
जिन शेयरों की वजह से निफ्टी ने ये ऊंचाई हासिल की है, उनमें टॉप पांच अडाणी एंटरप्राइजेस, अडाणी पोर्ट्स, M&M, आयशर मोटर्स और एक्सिस बैंक के शेयर्स शामिल थे। अडाणी एंटरप्राइजेस में 8 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली, वहीं अडाणी पोर्ट्स में 5 प्रतिशत और बाकी के तीनों शेयर्स में तीन-तीन प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
क्या रहा तेज़ी का कारण?
बिजनेस वेबसाइट मनीकंट्रोल ने अपनी रिपोर्ट में तेजी के कुछ कारण बताए हैं। इनमें एक कारण RBI की तरफ से दिया जाने वाला डिविडेंड है। RBI सरकार को 2.11 करोड़ रुपये के डिविडेंड का भुगतान करने वाली है। वहीं, दूसरी वजह लोकसभा चुनाव है। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव के नतीजों को लेकर निवेशक आश्वस्त हो चुके हैं कि मोदी सरकार की वापसी हो रही है, इसकी वजह से बाजार में तेज़ी देखने को मिल रही है।
इसके साथ ही लिस्टेड कंपनियां बीते कुछ दिनों से चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर रही हैं। ज्यादातर कंपनियों की परफॉर्मेंस मार्केट के अनुमान के अनुसार ही रही है। उनमें बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। माना जा रहा है कि ये भी बाजार में तेज़ी की बड़ी वजह हो सकती है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





