नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दीवाली का त्योहार भारत में 31 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया गया। हालांकि कुछ जगहों पर यह त्योहार आज भी मनाया जाएगा। इस त्योहार से जुड़ी कई मान्यताएं और परंपराएं हैं। इन्हीं में से एक परंपरा है मुहर्त ट्रेडिंग (Muhurat Trading) की। दीवाली के मौके पर शेयर बाजार एक घंटे के लिए जरूर खुलता है। इस घंटे में शेयर मार्केट में Muhurat Trading की जाती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक मुहर्त ट्रेडिंग में ये शेयर दे सकते हैं तगड़ा मुनाफा।
इन 5 स्टॉक्स पर रखें नजर
एक्सपर्ट प्रकाश गाबा ने ग्रैन्यूल्स इंडिया में खरीददारी करने की सलाह दी है जबकि प्रशांत सावंत JST Steel में निवेश करने का एक्सपर्ट ओपिनियन दिया है। इसके अलावा मानव जायसवाल HCL Tech में बिकवाली को तरजीह दे रहे हैं। शिल्पा राउत का कहना है कि HPCL में निवेश करना फायदेमंद हो सकता है। अमित सेठ TCS मे निवेश करने की सलाह दे रहे हैं। अब सवाल ये है कि आखिर ये मुहर्त ट्रेडिंग क्यों की जाती है, जानते हैं।
क्यों होती है Muhurat Trading?
दीवाली को शुभ के आगमन का प्रतीक माना जाता है। हिंदू परिवारों में दीवाली को किसी भी बड़े काम की शुरुआत, किसी नई चीज़ को घर लाने के लिए शुभ माना जाता है। इस मौके पर लोग गाड़ी, घर, जमीन, गहने, कपड़े से लेकर घर की सजावट और रंग रोगन पर इनवेस्ट करते हैं। मान्यता है कि इससे घर और जीवन में सकारात्मकता आती है।
इसी तरह, पुराने दौर में ट्रेडर्स दीवाली के दिन मुहर्त देखकर अपने बहीखातों की पूजा किया करते थे। कई स्टॉक ब्रोकर्स दीवाली के मौके पर पुराने खातों का सेटलमेंट करके नया खाता शुरू करते थे, क्योंकि दीवाली उनके लिए शुभ और नई शुरुआत का प्रतीक है। यही परंपरा आगे चलकर मुहर्त ट्रेडिंग में बदल गई और शेयर मार्केट के दोनों बड़े एक्सचेंजेस NSE और BSE ने परंपरा के तौर पर इसे जारी रखा। इस एक घंटे की Muhurat Trading में इनवेस्टर्स लॉन्ग टर्म फायदे की उम्मीद में बड़े शेयर्स पर पैसे लगाते हैं।
इस बार कब होगी Muhurat Trading?
इस बार मुहर्त ट्रेडिंग 1 नवंबर को होगी। महूरत ट्रेडिंग का समय शाम 6 से 7 बजे के बीच का होगा। वहीं प्री-मार्केट ट्रेडिंग शाम 5.45 बजे शुरू हो जाएगी। इस दिन शेयर मार्केट केवल एक घंटे के लिए खुलेगा, हालांकि, इसमें प्रोसेस ठीक वैसा ही होगा जैसा आम दिनों में होता है।
Muhurat Trading में कौन कर सकता है इनवेस्ट?
मुहर्त ट्रेडिंग में हर वो व्यक्ति इनवेस्ट कर सकता है जिसके पास एक्टिव Demat Account है। इस दिन अनुभवी इनवेस्टर्स तो ट्रेडिंग करते ही हैं, अगर आपने पहले कभी ट्रेडिंग नहीं की और शुभ मुहर्त पर कुछ नया करना चाहते हैं तो मुहर्त ट्रेडिंग से शुरुआत करना आपके लिए अच्छा हो सकता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि शेयर मार्केट में पैसा लगाने से पहले अच्छे से रिसर्च जरूर करें। इनवेस्टमेंट के लिए मार्केट एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें।





