नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अपने सपनों का घर लेना आज के महंगाई भरे दौर में एक बड़ी चुनौती है, खासकर जब रियल एस्टेट की कीमतें आसमान छू रही हों। अगर आप ₹1 करोड़ का घर खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसके लिए आपकी न्यूनतम सैलरी कितनी होनी चाहिए? इन्वेस्टमेंट बैंकर और बिज़नेस एजुकेटर सार्थक अहूजा ने इस सवाल का जवाब देते हुए चार ऐसे महत्वपूर्ण वित्तीय नियम (Financial Rules) बताए हैं, जो आपको यह तय करने में मदद करेंगे कि आपकी आय आपको कितना महंगा घर खरीदने की अनुमति देती है।
1. सैलरी का ‘गोल्डन रूल’: 5 गुना सालाना आय
सार्थक अहूजा के अनुसार, घर खरीदने से पहले सबसे पहले अपनी सालाना आय और घर की कीमत का सही अनुपात तय करना चाहिए। ₹1 करोड़ का घर खरीदने के लिए आपकी सालाना घरेलू इनकम कम से कम ₹20 लाख होनी चाहिए। इसका मतलब है कि आपकी इनहैंड सैलरी (In-Hand Salary) लगभग ₹1.6 लाख से ₹1.7 लाख प्रति महीना होनी चाहिए।आप अधिकतम अपनी सालाना घरेलू इनकम का 5 गुना तक कीमत का घर खरीद सकते हैं।
2. डाउन पेमेंट: जेब में होने चाहिए ₹20-30 लाख
लोन लेने से पहले आपके पास डाउन पेमेंट के रूप में पर्याप्त राशि होनी चाहिए। किसी भी प्रॉपर्टी के लिए आपको कुल कीमत की कम से कम 20% से 30% रकम अपने पास कैश या सेविंग्स के रूप में रखनी चाहिए।₹1 करोड़ के घर के लिए, आपके पास ₹20 लाख से ₹30 लाख तक का डाउन पेमेंट होना चाहिए। बाकी रकम के लिए लोन लिया जा सकता है, लेकिन वह घर के कुल मूल्य के 65% से ज्यादा नहीं होना चाहिए।
3. EMI का बोझ: सैलरी का एक तिहाई ही रखें
अपनी वित्तीय सेहत को दुरुस्त रखने के लिए, EMI का बोझ कभी भी आय के एक तिहाई से ज्यादा नहीं होना चाहिए। अगर आपकी इनहैंड सैलरी ₹1.6 लाख प्रति महीना है, तो आपकी मासिक EMI (किश्त) ज्यादा से ज्यादा ₹55,000 से ₹60,000 प्रति महीने से अधिक नहीं होनी चाहिए।
फायदा: इस सीमा से कम EMI रखने पर आपकी फाइनेंशियल हेल्थ पर बोझ नहीं पड़ेगा और आपके पास अन्य खर्चों (जैसे निवेश, इमरजेंसी फंड) के लिए पर्याप्त पैसा बचा रहेगा।
4. लोन अवधि को रखें छोटा
ज्यादा लंबा लोन टेन्योर लेने से बचें। यह ब्याज के रूप में आपकी जेब से भारी रकम निकाल लेता है। कोशिश करें कि, आपका होम लोन 20 साल या उससे पहले खत्म हो जाए। लंबी अवधि (जैसे 30 साल) से बचें, क्योंकि इसमें आप मूलधन से लगभग दोगुना ब्याज भर देते हैं।इन नियमों का पालन करके, आप न केवल अपना घर खरीदने का सपना पूरा कर सकते हैं, बल्कि भविष्य के लिए अपनी वित्तीय स्थिरता भी सुनिश्चित कर सकते हैं।




