नई दिल्ली/रफ्तारडेस्क। दिग्गज कोरियाई कंपनी LG Electronics IPO जल्द ही भारत में अपना आईपीओ लांच करने की तैयारी में है। इस संबंध में कंपनी ने शुक्रवार को अपना आवेदन सेबी के पास फाइल कर दिया । यह कंपनी इश्यू के जरिए 15 हजार करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह IPO ऑफर फॉर सेल होगा, जिसमें कंपनी 10.18 करोड़ शेयर बेच सकती है। किसी कोरियाई कंपनी का यह दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है।
ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी ने यह फैसला Hyundai Motors India की सफल लिस्टिंग के बाद लिया है। इस कंपनी का IPO अक्टूबर में लिस्ट हुआ था, जो कि देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बना। एलजी इंडिया का IPO भारत का पांचवां सबसे बड़ा IPO होगा। यह कोल इंडिया के 15,200 करोड़ रुपये के IPO (2010) के बाद का सबसे बड़ा इश्यू है।
कोरियाई कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा IPO
किसी कोरियाई कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ होगा। कोरियाई कंपनी हुंडई इसी साल देश का सबसे बड़ा आईपीओ लेकर आई थी। हुंडई के आईपीओ का इश्यू साइज 27 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा था।
भारत में कंपनी की मजबूत पकड़
LG कंपनी ने बताया कि हमने लगातार 13 साल (2011-2023) तक भारत में ऑफलाइन चैनल के वैल्यू मार्केट शेयर के हिसाब से नंबर वन पोज़िशन बनाए रखी है।यह कंपनी वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, पैनल टेलीविजन, एयर कंडीशनर और माइक्रोवेव जैसी श्रेणियों में काफी मजबूत है।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के वैश्विक मुख्य कार्यकारी ने अगस्त में कहा था कि कंपनी अपनी सहायक कंपनी की शेयर बिक्री का मूल्यांकन कर रही है। 5 हजार करोड़ रुपये के निवेश से भारत में अपनी तीसरी फैक्ट्री स्थापित करने की योजना है। दक्षिण कोरियाई और चीनी कंपोनेंट सप्लायर्स को स्थानीय स्तर पर प्लांट स्थापित करने के लिए भी तैयार किया जाएगा। आईपीओ की आय का कुछ हिस्सा फैक्ट्री के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। आम निवेशक इसमें कब से बोली लगा सकेंगे, इसके बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन माना जा रहा है कि यह आईपीओ इसी महीने यानी दिसंबर में आ सकता है।





