नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आपके पास भी पीएफ अकाउंट है और आप पैसे निकालने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक खुशखबरी है। सरकार ने पर्सनल जरूरतों को लेकर निकाली जाने वाली राशि की लिमिट बढ़ा दी है। अब ग्राहक अपने पर्सनल खर्चों के लिए एक बार में 1 लाख रुपये तक निकाल सकते हैं। पहले इसकी लिमिट 50 हजार रुपये थी। इस संबंध में केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने जानकारी दी है।
सिस्टम में लचीलापन लाने के लिए किया गया है बदलाव
श्रम मंत्रालय ने ये बदलाव सिस्टम में लचीलापन लाने, जवाबदेही बढ़ाने, ग्राहकों को होने वाली असुविधाओं को कम करने के लिए किया है। मंत्री मंडाविया ने कहा कि इसके अतिरिक्त नए कर्मचारी जिन्होंने अपनी वर्तमान नौकरी में 6 महीने पूरे नहीं किए हैं वे भी अब अपने पीएफ अकाउंट से पैसे निकाल सकते हैं।
सरकार ने क्या कहा?
श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि लोग शादी, चिकित्सा उपचार जैसे खर्चों को पूरा करने के लिए अपना EPFO बचत का सहारा लेते हैं। इसलिए हमने निकासी की सीमा को एक बार में 1 लाख रुपये तक बढ़ा दिया है। खर्च में बदलाव के चलते पिछली EPFO निकासी की सीमा पुरानी हो गई थी, लोगों को 50 हजार रुपये की रकम कम पड़ रही थी।
पेंशनभोगी ग्राहक किसी भी बैंक शाखा से प्राप्त कर सकते हैं पेंशन
1 जनवरी 2025 से कर्मचारी पेंशन योजना 1995 के तहत अब पेंशन भोगी ग्राहक किसी भी बैंक शाखा से अपनी पेंशन प्राप्त कर सकता है। इस संबंध में मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह महत्वपूर्ण सुधार पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाने और पेंशनरों के सुविधाजनक अनुभव को बढ़ावा देने के उद्वेश्य से किया गया है। इससे सिस्टम में सालों से चली आ रही परेशानियों से निजात मिलेगा।
भविष्य निधि नियमों में और क्या हो सकता है बदलाव?
इस संबंध में श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने जल्द ही और अपडेट आने का संकेत दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार अनिवार्य भविष्य निधि योगदान के लिए आय सीमा को बढ़ाने की योजना बना रही है। वर्तमान में 15000 रुपये तक आय वाले वेतनभोगी कर्मचारियों की सीमा बढ़ने वाली है। कर्मचारी राज्य बीमा के लिए आय सीमा जो अभी 21 हजार रुपये है उसको भी बढ़ाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि 15 हजार रुपये से अधिक आय वाले कर्मचारियों के लिए हम लचीलापन ला रहे हैं। जिससे उन्हें यह चुनने की सुविधा मिलेगी कि वे अपनी आय का कितना हिस्सा, सेवानिवृत्ति और पेंशन लाभ के लिए अलग रखना चाहते हैं।





