नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जो कर्मचारी केंद्र सरकार के कार्यालयों से रिटायर हुए हैं अब उन्हें अपनी पेंशन जारी रखने के लिए फॉर्म 6A भरना जरूरी हो जाएगा। यह नियम देश भर में 6 नवंबर से लागू हुआ था जिसके तहत रिटायर कर्मचारियों को भविष्य या ई-एचआरएमएस 2.0 पोर्टल के जरिए ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। हालांकि इसके लिए संबंधित आधिकारियों को प्रशिक्षण सेशन में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका मकसद कागजी कार्यवाई को कम करके रिटायर कर्मचारियों को सुविधा देना है। यह केंद्र सरकार की डिजिटलीकरण की पहल को एक नया आयाम देना है।
पेंशनधारकों को कैसे मिलेगा इसका फायदा?
केंद्र सरकार की इस नई पहल से पेंशनधारकों को बेहद फायदा होने जा रहा है। शारीरिक रूप से अक्षम या वृद्धावस्था के दौरान उन कर्मचारियों को लाभ मिलेगा और जो काम उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद होता था अब वह केवल एक क्लिक से हो जाएगा। रिटायरमेंट के दौरान मिलने वाले आर्थिक लाभ और प्रक्रिया की निगरानी भी की जा सकेगी। इसका एक दूसरा लाभ यह भी है कि सरकारी कामकाज को पेपरलैस बनाया जा सकेगा।
रिटायरमेंट के दिन ही भुगतान करना है इस पहल का लक्ष्य
केंद्र सरकार की नौकरियों से दिसंबर 2024 और उसके बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए ये सिंपलीफाइड पेंशन फॉर्म 6A (simplified form for pension) ‘भविष्य’ (Bhavishya) या ई-एचआरएमएस (e-HRMS) पोर्टल पर उपलब्ध होगा। ‘भविष्य’ पोर्टल पेंशन और पेंशनर्स वेलफेयर डिपार्टमेंट (Pension & Pensioners’ Welfare Department) की एक पहल है। इसके जरिए यह कोशिश की जा रही है कि रिटायर होने वाले सरकारी कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही सभी प्रकार के भुगतान और पेंशन पेमेंट ऑर्डर (Pension Payment Order) कर दिए जाएं। बता दें कि ई-एचआरएमएस (e-HRMS) यानी इलेक्ट्रॉनिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम में सरकारी कर्मचारियों के सर्विस रिकॉर्ड जैसी कई अन्य जरूरी डिटेल्स होती हैं।




