नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। निवेश करना सुरक्षित भविष्य की नींव होती है। हर कोई ये मानता है कि कमाई करना और केवल बचत करना काफी नहीं है। भविष्य को सुरक्षित करना है तो निवेश करना स्वभाविक है। हम भी इसी लीक पर चलकर इनवेस्टेमेंट शुरू कर देते हैं लेकिन हमें सही जानकारी नहीं होने की वजह से गड़बडी हो जाती है। हम निवेश तो शुरू कर देते हैं लेकिन सही शुरुआत नहीं कर पाते हैं। हम आपको बताना चाहते हैं कि निवेश करने से पहले कुछ बातों को समझना बहुत ज्यादा जरूरी है। ऐसा नहीं करने से आप सही शुरुआत नहीं कर पाएंगे और अपने फाइनेंशियल टारगेट से चूक जाएंगे। तो आइए जानते हैं कि एक निवेशक को निवेश शुरू करने से पहले किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।
निवेश क्यों करें?
1. महंगाई से निपटने के लिए: महंगाई की दर लगभग 6-7% प्रति वर्ष होती है। अगर आपका पैसा बचत खाते में पड़ा रहता है, तो उसकी वास्तविक कीमत समय के साथ घटती जाती है। सही माध्यम में निवेश करके आप महंगाई को मात देकर बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकते हैं।
2. अपने सपनों को पंख देने के लिए: चाहे घर खरीदना हो, बच्चों की पढ़ाई हो, या रिटायरमेंट की योजना, निवेश आपको अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में मदद करता है।
3. पैसे को अपने बिजनेस में निवेश करें: निवेश करके आप अपने पैसे को काम पर लगा सकते हैं, जिससे यह समय के साथ बढ़ता रहता है।
निवेश के विकल्प
1. शेयर बाजार (Stock Market): शेयर बाजार में निवेश करके आप कंपनियों के हिस्सेदार बन सकते हैं। शेयर बाजार में कई कंपनियों के शेयर्स होते है जिसमें से उदाहरण के लिए कुछ कंपनिया है: रिलायंस, टाटा मोटर्स, इंफोसिस आदि। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव होता है, इसलिए यह जोखिम भरा हो सकता है।
2. म्यूचुअल फंड (Mutual Funds): म्यूचुअल फंड में पेशेवर फंड मैनेजर आपके पैसे को विभिन्न शेयरों और बॉन्ड में निवेश करते हैं। म्यूचुअल फंड कई प्रकार के होते हैं जैसे इक्विटी फंड, डेट फंड, हाइब्रिड फंड। म्यूचुअल फंड शेयर बाजार के जोखिमों के अधीन है जिसके चलते इसमें नुकसान या फायदा दोनों होने के चांस होते हैं।
3. सोना (Gold): सोना भारत में एक पारंपरिक निवेश विकल्प है। सोने में निवेश करने को एक सुरक्षित विकल्प माना जाता है। इसमें रिस्क फैक्टर कम है क्योंकि सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर निर्भर करती हैं और ऐसा ट्रेंड देखा जाता है कि शायद ही कोई ऐसा मौका आया जब सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई हो।





