नई दिल्ली, रफ्तार। भारत की पहली यूनिकॉर्न कंपनी इनमोबी आईपीओ लाने की तैयारी में जुटी है। कंपनी 3 साल के बाद फिर से आईपीओ को लेकर काम कर रही है। दरअसल, भारतीय शेयर बाजार में आईपीओ की गतिविधियां पहले से तेज हैं। इससे प्रस्तावित आईपीओ की कतार में एक और बड़ा नाम जुड़ा है। एक दशक से पहले इनमोबी को यूनिकॉर्न कंपनी का दर्जा मिला था। इसने 3 साल पहले अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग की तैयारी की थी। फिर उसे पीछे हटना पड़ा था। अब कंपनी भारतीय शेयर बाजार पर लिस्ट होने की तैयारी कर रही है।
ऐडटेक स्टार्टअप कंपनी है इनमोबी
इनमोबी ऐडटेक स्टार्टअप कंपनी है। इसने यूनिकॉर्न कंपनी का टैग 2011 में हासिल किया था। बता दें, यूनिकॉर्न उन नई कंपनियों को कहा जाता है, जो व्यापार बढ़ने के साथ एक बिलियन डॉलर का वैल्यूएशन पाती हैं। अभी भारत में दर्जनों स्टार्टअप कंपनियां यूनिकॉर्न का दर्जा पाई हैं। मगर, आज से एक दशक पहले भारतीय शेयर बाजार में इनमोबी अकेली यूनिकॉर्न स्टार्टअप कंपनी थी।
मोबाइल ऐड सर्विसेज पर काम करती है कंपनी
यह कंपनी मोबाइल ऐड सर्विसेज पर काम करती है। इसका बिजनेस कई देशों में फैला है। इसके प्रमुख बाजारों में चीन, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया आदि हैं। इनमोबी विज्ञापन देने वालों को ऐड बनाने, वेबसाइट पर आने वाली ट्रैफिक को मोनीटाइज करने और ऐड कैंपेन के परफॉर्मेंस को ट्रैक करने के लिए रियल-टाइम रिपोर्ट दिलाने जैसी सेवाएं देती है।
IPO की डिटेल नहीं आई है सामने
फिलहाल इनमोबी के आईपीओ से जुड़ी जानकारियां सामने नहीं आई हैं। सेबी के पास ड्राफ्ट फाइल होने के बाद पता चलेगा कि आईपीओ कितना बड़ा होगा और कंपनी कितनी वैल्यू पाना चाह रही है। वैसे, तीन साल पहले कंपनी ने अमेरिकी बाजार में आईपीओ के जरिए 12-15 बिलियन डॉलर वैल्यू और इश्यू से 1 बिलियन डॉलर जुटाने की योजना बना रखी थी।
हुंडई और कोका कोला की स्थानीय यूनिट भी ला रही IPO
अभी भारतीय बाजार ऐतिहासिक रैली का गवाह बना है। सेंसेक्स और निफ्टी लगातार नए हाई लेवल का रिकॉर्ड बना रहे हैं। इसी सप्ताह सेंसेक्स ने पहली बार 80 हजार के लेवल को पार किया है। इस रैली के साथ आईपीओ बाजार में भी एक्टिविटी हाई लेवल पर हैं। आने वाले दिनों में कई बड़े आईपीओ लॉन्च होने वाले हैं। दक्षिण कोरिया की वाहन कंपनी हुंडई अपनी स्थानीय यूनिट का आईपीओ लाने वाली है, जो भारतीय बाजार का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। कोका कोला भी लोकल बोटलिंग यूनिट का आईपीओ लाने की तैयारी में जुटी है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





