नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अगर आप चाहते हैं कि आपकी सीमित सैलरी में भी सारे सपने पूरे हों, तो सिर्फ बचत से बात नहीं बनेगी। आपको निवेश (Investment) और कंपाउंडिंग (Compounding) के जादू को भी समझना होगा। अक्सर लोग अपने करियर की शुरुआत में कुछ जरूरी फाइनेंशियल बातों को नजरअंदाज कर देते हैं और यही छोटी-छोटी गलतियां भविष्य में बड़ी परेशानी बन जाती हैं। इसलिए अगर आप अभी नौकरी में नए हैं या जल्द शुरू करने वाले हैं, तो इन 10 आम गलतियों से जरूर बचें।
1. निवेश की शुरुआत में देरी करना
करियर की शुरुआत में अगर आप निवेश को टालते हैं, तो ये भविष्य में भारी नुकसान का कारण बन सकता है। छोटी रकम से शुरू किया गया निवेश भी लंबे समय में बड़ा फंड बना सकता है। बस शर्त है कि आप समय पर शुरुआत करें। SIP (Systematic Investment Plan) या PPF (Public Provident Fund) जैसे विकल्पों में कंपाउंडिंग का जादू काम करता है। यानी अगर आप सिर्फ 500 रुपये महीने की भी SIP शुरू करते हैं, तो सालों बाद यही राशि लाखों में बदल सकती है।
2. कंपाउंडिंग का मैजिक न समझना
अगर आप सिर्फ हर महीने सैलरी बचाकर बैंक अकाउंट में जमा कर रहे हैं और सोचते हैं कि यही काफी है, तो यह एक बड़ी भूल है। बिना कंपाउंडिंग के आपकी बचत कभी तेजी से नहीं बढ़ेगी। कंपाउंडिंग यानी ब्याज पर ब्याज। जो समय के साथ आपकी रकम को कई गुना बढ़ा देता है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, और केवल बचत से आप उससे मुकाबला नहीं कर सकते। इसके लिए जरूरी है कि आप ऐसे निवेश विकल्प चुनें, जहां कंपाउंडिंग का फुल फायदा मिले।
3. इमरजेंसी फंड न बनाना
चाहे आपकी नौकरी स्थिर हो और सैलरी अच्छी हो, फिर भी इमरजेंसी फंड बनाना आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग का सबसे जरूरी हिस्सा होना चाहिए। जीवन अनिश्चितताओं से भरा है, कभी नौकरी छूट सकती है, तो कभी कोई मेडिकल इमरजेंसी आ सकती है। ऐसे हालात में अगर आपके पास कम से कम 3 से 6 महीने की जरूरतों के बराबर राशि सुरक्षित रखी है, तो आप बिना किसी आर्थिक तनाव के हालात का सामना कर सकते हैं।
4. हेल्थ इंश्योरेंस को नज़रअंदाज़ करना
अक्सर लोग सोचते हैं कि जब सेहत ठीक है तो हेल्थ इंश्योरेंस की जरूरत नहीं, लेकिन यही सबसे बड़ी गलती होती है। एक अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी आपके सालों की सेविंग और फाइनेंशियल टार्गेट को एक झटके में खत्म कर सकती है। आजकल अस्पताल का खर्च लाखों में जा सकता है, और अगर आपके पास पर्याप्त बीमा नहीं है, तो आपको कर्ज या निवेश तोड़ना पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि उम्र, जीवनशैली और जरूरतों के हिसाब से एक उपयुक्त हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी जरूर लें।
5. फाइनेंशियल नॉलेज की कमी
ये जरूरी नहीं कि आप फाइनेंस सेक्टर में काम करते हों, तभी वित्त की समझ रखें। हर व्यक्ति को अपनी आमदनी, खर्च, निवेश, टैक्स और बीमा जैसी चीज़ों की बुनियादी समझ होनी ही चाहिए। क्रेडिट कार्ड कैसे इस्तेमाल करना है, कौन-सी बीमा पॉलिसी आपके लिए बेहतर है, या कब और कहां निवेश करना चाहिए। ये सब फैसले बिना फाइनेंस की जानकारी के लिए जाना जोखिम भरा हो सकता है।
6. रिटायरमेंट की प्लानिंग को नजरअंदाज करना
रिटायरमेंट के बाद आपकी हर महीने मिलने वाली फिक्स सैलरी बंद हो जाती है, लेकिन खर्चे जारी रहते हैं और अक्सर बढ़ जाते हैं। अगर आपने समय रहते मजबूत रिटायरमेंट प्लानिंग नहीं की, तो भविष्य में आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए जितनी जल्दी हो सके, EPF, NPS, म्यूचुअल फंड्स या पेंशन प्लान जैसे विकल्पों में निवेश शुरू करें, ताकि रिटायरमेंट के बाद भी आपकी जिंदगी आरामदायक बनी रहे।
7. बिना सोचे-समझे लोन लेना
अक्सर लोग छुट्टियों, महंगे गैजेट्स या शादियों जैसे खर्चों के लिए भावनाओं में बहकर लोन ले लेते हैं, बिना उसकी जरूरत और असर को समझे। लेकिन याद रखें, एक गलत फैसला आपको लंबे समय तक कर्ज के बोझ तले दबा सकता है। लोन लेना कोई बुरी बात नहीं है, लेकिन तभी जब वह सही कारणों और चुकाने की क्षमता के आधार पर लिया गया हो। वरना EMI का बोझ आपकी फाइनेंशियल ग्रोथ और मानसिक शांति दोनों छीन सकता है।
8. बिना प्लानिंग के खर्च करना
चाहे महंगा स्मार्टफोन हो या लेटेस्ट ट्रेंड वाले कपड़े, बिना सोचे-समझे की शॉपिंग अक्सर आपके महीने भर के बजट को बुरी तरह बिगाड़ देती है। ऐसे खर्च छोटे लगते हैं, लेकिन धीरे-धीरे ये बड़ी फाइनेंशियल आदतों को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप हर महीने का एक तय बजट बनाएं और पूरी डिसिप्लिन (अनुशासन) के साथ उसी पर टिके रहें।
9. सिर्फ टैक्स बचाने के लिए निवेश करना
टैक्स बचाना जरूरी है, लेकिन अगर आप सिर्फ टैक्स सेविंग को ध्यान में रखकर निवेश कर रहे हैं, तो आप लंबी अवधि के बड़े फायदों, खासकर कंपाउंडिंग से खुद को दूर कर रहे हैं। ऐसे निवेश अक्सर आपके असली फाइनेंशियल लक्ष्यों से मेल नहीं खाते। इसलिए सबसे पहले ये तय करें कि आपका लक्ष्य क्या है, फिर उसी हिसाब से अपना निवेश प्लान बनाएं।
10. पैसों पर खुलकर बात न करना
अक्सर लोग पैसों की बात करने से कतराते हैं, जिससे वे कई महत्वपूर्ण अवसर और जरूरी जानकारियां खो देते हैं। पैसों पर खुलकर बात करना और अपने फाइनेंशियल गोल्स को स्पष्ट रूप से सेट करना सफलता की पहली सीढ़ी है। चाहे परिवार हो, दोस्त हों या साथी फाइनेंस की चर्चा करने से बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलती है और सही योजना बनती है।





