नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । जब भी राशन कार्ड का नाम सुनाई देता है, तो सभी के मन में मुफ्त अनाज मिलने का ख्याल आता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनपोषण योजना के तहत देश के करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। इसके लिए जरूरी है कि आपके पास सही और वैध राशन कार्ड हो।
हालांकि देश में करोड़ों लोग राशन कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इसके नियमों से अधिकतर लोग अनजान हैं। नियम इतने सख्त हैं कि अगर आपके घर में कुछ अतिरिक्त सुविधाएं या संपत्तियां हैं, तो राशन कार्ड का इस्तेमाल तुरंत बंद करना पड़ सकता है। ऐसा न करने पर भारी जुर्माना और यहां तक कि जेल की सजा भी हो सकती है। इसलिए अपने राशन कार्ड की स्थिति को जांचना और अगर आवश्यक हो तो उसे जल्द से जल्द सरेंडर कर देना बेहद जरूरी है।
राशन कार्ड का मकसद देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाना है, ताकि उन्हें दो वक्त का खाना सुनिश्चित हो सके। लेकिन, इस योजना का कुछ लोग गलत फायदा भी उठा रहे हैं। मुफ्त अनाज के लालच में संपन्न और अच्छे कमाई करने वाले भी फर्जी राशन कार्ड बनवाकर इस योजना का दुरुपयोग कर रहे हैं। सरकार ऐसे मामलों को पकड़ने के लिए समय-समय पर अभियान चलाती है और दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।
राशन कार्ड रखने का अधिकार किसको है ?
सरकार ने राशन कार्ड से जुड़े नियम स्पष्ट कर दिए हैं। जिनके पास ऐसा घर, मकान या फ्लैट हो जिसका कुल क्षेत्रफल 100 गज से ज्यादा हो, उन्हें राशन कार्ड रखने का अधिकार नहीं है। अगर ऐसे लोग पहले से राशन कार्ड धारक हैं, तो उन्हें तुरंत इसे सरेंडर करना होगा। राशन कार्ड सरेंडर कराने के लिए नजदीकी राशन या रसद विभाग में संपर्क करना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने पर न सिर्फ भारी जुर्माना लगेगा, बल्कि जेल की सजा भी हो सकती है।
किन चीजों के होने पर राशन कार्ड नहीं बनेगा?
सरकार ने राशन कार्ड की पात्रता तय करने के लिए कुछ सख्त नियम बनाए हैं। अगर आपके पास कार या ट्रैक्टर जैसे चार-पहिया वाहन हैं, तो आप राशन कार्ड नहीं बनवा सकते और मुफ्त अनाज का लाभ नहीं ले सकते। इसके अलावा, यदि आपके घर में एसी या रेफ्रिजरेटर जैसी बड़ी सुविधाएं हैं, तो भी आप राशन कार्ड के लिए योग्य नहीं माने जाएंगे। यदि आपके नाम पर लाइसेंसी हथियार हैं या आप इनकम टैक्स रिटर्न भरते हैं, तो भी आपको अपना राशन कार्ड तुरंत सरेंडर कर देना चाहिए।
कितनी आय होने पर नहीं मिलेगा मुफ्त राशन?
रसद विभाग की जानकारी के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति की सालाना आय गांव में 2 लाख रुपये से अधिक है, तो उसे मुफ्त अनाज का लाभ नहीं मिलेगा। शहर में रहने वाले के लिए यह सीमा 3 लाख रुपये सालाना तय की गई है। अगर परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी करता है, तो पूरे परिवार को राशन कार्ड का लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही, केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है कि अगर कोई परिवार लगातार 6 महीने तक राशन नहीं उठाता, तो उसका राशन कार्ड कैंसिल कर दिया जाएगा।




