नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में इस बार भारत के अमीरों की रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर से देश के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति अब 9.55 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुकी है। इस ताजा लिस्ट में अंबानी ने गौतम अडानी और उनके परिवार को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 पोजिशन पर वापसी की है। यह रैंकिंग हुरुन इंडिया और रियल एस्टेट ग्रुप M3M की साझेदारी में तैयार की गई है और यह इस लिस्ट का 14वां संस्करण है।
अंबानी-अडानी के बीच टॉप की जंग, रोशनी नाडार मल्होत्रा भी टॉप-3 में
हुरुन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की दौड़ अब दो दिग्गजों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बीच है। गौतम अडानी एंड फैमिली की मौजूदा संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये है, जो मुकेश अंबानी की 9.55 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति से कुछ ही पीछे है। वहीं इस साल की लिस्ट में एक और बड़ा सरप्राइज सामने आया है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडार मल्होत्रा और उनका परिवार पहली बार टॉप-3 में शामिल हुआ है। उनकी कुल संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। इसके साथ ही रोशनी नाडार भारत की सबसे अमीर महिला बन गई हैं।
अरबपतियों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अरबपतियों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है। इस साल देश में 350 से अधिक अरबपति हो चुके हैं, जो 13 साल पहले की तुलना में लगभग 6 गुना ज्यादा हैं। इन सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति मिलाकर लगभग 167 लाख करोड़ रुपये पहुंच चुकी है, जो देश के कुल जीडीपी का करीब आधा हिस्सा है। यह आंकड़ा भारत की आर्थिक मजबूती और संपन्नता को दर्शाता है।
सबसे युवा अरबपति की लिस्ट में भारतीय स्टार्टअप फाउंडर्स का दबदबा
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार युवा उद्यमियों ने भी खास जगह बनाई है। टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप सेक्टर से जुड़े इन युवाओं ने अरबपतियों की सूची में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है अरविंद श्रीनिवास (31) ने, जो AI स्टार्टअप Perplexity.ai के को-फाउंडर हैं। वह भारत के सबसे युवा डॉलर अरबपति बने हैं, जिनकी कुल संपत्ति 21,190 करोड़ रुपये आंकी गई है।
वहीं, Zepto के फाउंडर कैवल्य वोहरा (22) इस लिस्ट में सबसे युवा एंट्रेंट बने हैं। उनके सह-संस्थापक आदित पालीचा (23) भी पीछे नहीं हैं और दूसरे सबसे युवा अरबपति के तौर पर सूची में शामिल हैं। इस साल की लिस्ट यह संकेत देती है कि भारत की नई पीढ़ी अब केवल नौकरी मांगने वाली नहीं, बल्कि नई अर्थव्यवस्था के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाली बन गई है।
हुरुन रिच लिस्ट में शाहरुख खान की एंट्री
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने इस बार हुरुन रिच लिस्ट में पहली बार एंट्री कर ली है। उनकी कुल संपत्ति अब 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिससे वह अरबपतियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ प्रोडक्शन हाउस, आईपीएल टीम और ब्रांड एंडोर्समेंट से उनकी कमाई में बड़ा इजाफा हुआ है। इस लिस्ट में यह भी सामने आया है कि भारत में सबसे ज्यादा अरबपति मुंबई (451) से हैं। इसके बाद नई दिल्ली (223) और बेंगलुरु (116) का स्थान आता है। यानी आर्थिक राजधानी मुंबई अब भी देश के अमीरों की राजधानी बनी हुई है।
जानिए किसकी कितनी बढ़ी दौलत ?
भारत के सबसे अमीर परिवारों की सूची में पहले स्थान पर मुकेश अंबानी और उनका परिवार है, जिनकी कुल संपत्ति 9,55,410 करोड़ रुपये है। दूसरे स्थान पर गौतम अडानी और उनका परिवार है, जिनकी संपत्ति 8,14,720 करोड़ रुपये है। तीसरे स्थान पर रोशनी नादर मल्होत्रा और उनका परिवार है, जिनकी कुल संपत्ति 2,84,120 करोड़ रुपये है। चौथे स्थान पर साइरस सोली पूनावाला और उनका परिवार हैं, जिनकी संपत्ति 2,46,460 करोड़ रुपये है।
पांचवें स्थान पर कुमार मंगलम बिड़ला और उनका परिवार है, जिनकी संपत्ति 2,32,850 करोड़ रुपये है। छठे स्थान पर नीरज बजाज और उनका परिवार है, जिनकी संपत्ति 2,32,680 करोड़ रुपये है। सातवें स्थान पर दिलीप सांघवी हैं, जिनकी संपत्ति 2,30,560 करोड़ रुपये है।
आठवें स्थान पर अजीम प्रेमजी और उनका परिवार है, जिनकी संपत्ति 2,21,250 करोड़ रुपये है। नौवें स्थान पर गोपीचंद हिंदुजा और उनका परिवार है, जिनकी कुल संपत्ति 1,85,310 करोड़ रुपये है। अंत में, दसवें स्थान पर राधाकिशन दमानी और उनका परिवार है, जिनकी संपत्ति 1,82,980 करोड़ रुपये है।




