नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पिछले लंबे समय से कभी सोने की कीमत में भारी बढ़ोतरी हो रही है तो कभी सोने की कीमत में गिरावट आ रही है। पिछले एक हफ्ते से सोने की कीमत में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, आज फिर सोने की कीमत में गिरावट आई है। दरअसल, ये सब अमेरिका और चीन के बीच चल रहे टैरिफ युद्ध के कारण हो रहा है। जिसके चलते पहले देश के वायदा बाजार में सोने की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई और अब ये नीचे पहुंच रहा है।
देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 29 अप्रैल को 97,670 रुपये है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत आज 89,540 रुपये पर है। कल के मुकाबले आज सोने की कीमत में ये बड़ी गिरावट है। क्योंकि कल 24 कैरेट सोने का भाव 98,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसके अलावा मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में 22 कैरेट सोना 89,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जबकि यहां 24 कैरेट सोने की कीमत 97,520 रुपये पर कारोबार कर रही है। इसी तरह गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा जैसे शहरों में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 97,570 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 89,440 रुपये है।
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट आई है। कल चांदी 1,01,800 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर थी, जबकि आज यानी 29 अप्रैल 2025 को चांदी का भाव गिरकर 1,00,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। जो कि खरीददारों के लिए राहत की बात है। इस बीच, वायदा बाजार में कीमतें बढ़ रही हैं। वहीं, विदेशी बाजारों में भी तेजी देखने को मिल रही है। कई विशेषज्ञों के अनुसार, हाल की घटनाओं और वैश्विक आर्थिक स्थितियों को देखते हुए, आने वाले महीनों में सोने की कीमतों में और गिरावट आने की संभावना है।





