नई दिल्ली, रफ्तार। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के मतदान के बीच आम लोगों को महंगाई से थोड़ी राहत मिली है। आज से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटा दिए गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम कम कर दिए हैं। सिलेंडर की रेट 72 रुपए तक कम की गई है। बता दें, लगातार तीसरे महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की रेट में गिरावट दर्ज की गई है। वैसे, कंपनियों ने 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं किया है। IOCL की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार नई रेट आज से लागू है।
दिल्ली में 69.50 रुपए सस्ता
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 69.50 रुपए की कटौती की गई है। यहां सिलेंडर 1676 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में रेट 72 रुपए कम की गई है। यहां सिलेंडर 1787 रुपए में मिलेगा। मुंबई में दाम 69.50 रुपए कम किया गया है। यहां 1629 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। चेन्नई में सिलेंडर का नया दाम 1840.50 रुपए हो गया है। चंडीगढ में नई कीमत 1697 रुपए, पटना में 1932 रुपए, लखनऊ में 2050 रुपए और भोपाल में 1704 रुपए में मिलेगा।
मई में 19 रुपए कम की गई थी कीमत
तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की रेट लगातार तीसरे महीने कटौती की है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एक मई को 19 रुपए तक दाम कम किए थे। मई में नई दिल्ली में 1745.50 रुपए, कोलकाता में 1859 रुपए, मुंबई में 1698.50 रुपए, चेन्नई में सिलेंडर 1911 रुपए दाम थे।
अप्रैल में 30 रुपए गिरा था भाव
अप्रैल महीने में सिलेंडर के दाम में 30 रुपए से ज्यादा की कटौती की गई थी। दिल्ली में कीमत 1764.50 रुपए हुई थी। कोलकाता में 1879 रुपए, मुंबई में 1717.50 रुपए, चेन्नई में 1930 रुपए में सिलेंडर मिल रहे थे।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




