नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत की दो दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनियां फ्लिपकार्ट और अमेजन अपनी सालाना सेल 23 सितंबर से शुरू करने जा रही हैं। ग्राहक इन सेल में मिलने वाले बंपर डिस्काउंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, कंपनियों के कर्मचारी दिन-रात मेहनत में जुटे हैं ताकि शॉपिंग का अनुभव बिना किसी परेशानी के मिले।
इस बीच फ्लिपकार्ट के एक कर्मचारी द्वारा शेयर किया गया एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया गया है कि ऑफिस में गद्दे और तकिए पहुंचा दिए गए हैं। इसका साफ संकेत है कि “यहीं रहो, काम करो!” यानी टीम ऑफिस में ही रुककर बिग बिलियन डेज सेल की तैयारी में जुटी है। वीडियो में टीम द्वारा तैयारियों की झलक साफ दिखती है, जिससे पता चलता है कि फ्लिपकार्ट अपने ग्राहकों को तेज डिलीवरी अनुभव देने में कोई कसर नहीं छोड़ रही।
बिग बिलियन डे की तैयारी, कर्मचारी ऑफिस में बिताएंगे रातें
फ्लिपकार्ट के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव सिमरन भंबानी ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया है जिसमें एक ट्रक से गद्दे और तकिए उतारे जा रहे हैं। ये सभी बिस्तर कंपनी के उन कर्मचारियों के लिए तैयार किए जा रहे हैं, जो बिग बिलियन डे सेल की तैयारियों के दौरान ऑफिस में रात बिताएंगे। सिमरन ने बताया कि यह सेल लंबे वीकेंड तक चलेगी, इसलिए टीम पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “हां, हम ऑफिस में रात बिताते हैं।” उन्होंने इसके साथ ही #Flipkart और #BBD के हैशटैग भी जोड़े। ऐसा लग रहा है कि फ्लिपकार्ट की टीम सेल को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
वायरल वीडियो पर यूजर्स के मिले रिएक्शन
फ्लिपकार्ट के कर्मचारियों के ऑफिस में रात बिताने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब तक इस वीडियो को 1.7 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं और कमेंट्स की भी बौछार हो रही है। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा, “भाई इतना काम क्या होता है? हर घंटे मैन्युअल रूप से कीमत अपडेट करते हो क्या?” वहीं, Abdul Mannan नाम के यूजर ने लिखा, “लगता है कल रात सबको ऑफिस में ही रुकना है।”
एक अन्य ने अनुभव साझा करते हुए कहा, “हम भी पिछले चार दिनों से ऐसा ही कर रहे हैं। पर हर रात की नींद के पीछे कल की सफलता का सपना होता है।” इसी बीच एक दर्शक ने उत्सुकता जताते हुए लिखा “कॉल पर तो तकनीक का समझ आता है, लेकिन मार्केटिंग वाले रात को क्या प्लान करते हैं?” हालांकि, कुछ लोगों ने रात में काम करने पर चिंता भी जताई। एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, “आजकल खराब कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना और उसका दिखावा करना फैशन बन गया है।”




