नई दिल्ली, रफ्तार। दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल एलन मस्क को आने वाले दिनों में टेस्ला से मोटी कमाई होने की संभावना है। कानूनी अड़चनों के बीच इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी ने सीईओ मस्क को 56 बिलियन डॉलर कंपनसेशन पैकेज देने के लिए फिर से शेयरधारकों के पास पहुंची है। टेस्ला में मस्क के कंपनसेशन पैकेज पर लंबे समय से विवाद गहराया है। हाल में अमेरिका के एक कोर्ट ने मस्क के प्रस्तावित पैकेज के विरुद्ध फैसला सुनाया था। उसे कंपनी के निवेशकों की लंबी अवधि के हितों के विरुद्ध बताया था। डेलावेयर की कोर्ट ने कंपनी के डायरेक्टर पर भी कड़ी टिप्पणी की थी। उन्हें मस्क के इशारे पर चलने वाला बताया था।
मस्क की मांग
कुछ महीने पहले तक बिक्री के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी रही टेस्ला में मस्क के पास 13 फीसदी शेयर हैं। मस्क टेस्ला में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि उन्हें टेस्ला में कम-से-कम 25 फीसदी हिस्सेदारी नहीं मिली तो वह ईवी के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और रोबोटिक्स आदि पर काम करना चाहेंगे।
टेस्ला के सामने क्या चुनौतियां?
टेस्ला के लिए इस विवाद का हल निकालना जरूरी है। हाल में चीन की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी बीवाईडी ने टेस्ला को बिक्री मामले में पीछे छोड़ा है। टेस्ला को जर्मनी में गीगाफैक्ट्री में वर्करों के विरोध से जूझना पड़ा है। इससे मैन्युफैक्चरिंग प्रभावित हुई है। इन विवादों का असर शेयर बाजार में कंपनी के प्रदर्शन पर भी पड़ा है। इस साल टेस्ला के शेयरों का भाव 37 फीसदी टूटा है।
2018 से अटका है मस्क का पैकेज
टेस्ला के बोर्ड की कोशिश है कि प्रतिकूल परिस्थितियों में मस्क पूरी क्षमता के साथ कंपनी को लीड करें। इस कारण बोर्ड मस्क को मोटा कंपनसेशन पैकेज देने को तैयार है। कंपनी ने 2018 में ही पैकेज तैयार किया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली है। अब कंपनी के बोर्ड की कोशिश है कि उस प्रस्ताव को शेयरधारकों की मंजूरी मिले।
टेस्ला के लिए मस्क सबसे अहम : बोर्ड
टेस्ला के चेयरमैन रॉबिन डेनहोल्म ने शेयरहोल्डर्स को लेटर लिखा है। डेनहोल्म लेटर में डेलावेयर कोर्ट की आलोचना करते हुए मस्क को टेस्ला का सबसे महत्वपूर्ण कर्मचारी बताया गया है। कहा है कि विवादों के कारण टेस्ला के सबसे अहम कर्मचारी मस्क को 6 वर्षों से काम के बदले मेहनताना नहीं मिला है। मस्क ने इन वर्षों में कंपनी और कंपनी के शेयरधारकों के लिए शानदार वैल्यू क्रिएट किए हैं। उन्होंने शेयरधारकों से मस्क के पैकेज के पक्ष में वोट की अपील की। टेस्ला के शेयरधारकों की सालाना आम बैठक 13 जून से होनी है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





