नई दिल्ली, रफ्तार। आरबीआई द्वारा की गई कार्रवाई से पेटीएम निकला भी नहीं था कि एक और परेशानी बढ़ गई है। अब पेटीएम पेमेंट बैंक को लेकर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बड़ा कदम उठाया है। EPFO ने पेटीएम पेमेंट बैंक से खातों में जमा और क्रेडिट लेन-देन पर रोक लगा दी है। इसको लेकर 8 फरवरी को एक सर्कुलर जारी किया गया। इससे जुड़ी जानकारी पेंशन फंड निकाय की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। सर्कुलर में सभी फील्ड ऑफिस को बताया गया है कि वे 23 फरवरी से पेटीएम पेमेंट बैंक में बैंक खातों से जुड़े दावों को स्वीकार करना बंद कर दें। पेंशन फंड निकाय ने कहा कि इस बदलाव के बारे में जागरुकता बढ़ाने को प्रचार शुरू करना चाहिए।
क्यों लिया गया फैसला?
ईपीएफओ के अनुसार आरबीआई द्वारा 29 फरवरी 2024 के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक के ग्राहक खातों में जमा और क्रेडिट लेन-देन पर प्रतिबंध लगाने के फैसले को देखते हुए, ईपीएफओ ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक खातों को अपने नेटवर्क से बाहर रखने का निर्णय लिया है। सर्कुलर में बताया गया है कि सभी फील्ड कार्यालय 23 फरवरी से पेटीएम पेमेंट्स बैंक में बैंक खातों से जुड़े दावों को मंजूर करने से बचें।
RBI ने क्या लिया एक्शन, गवर्नर ने बताया
आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने गुरुवार को कहा था कि नियमों का पालन नहीं करने की वजह से पेटीएम बैंक पर कार्रवाई की गई है। आरबीआई के डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जे ने कहा कि वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) के विरुद्ध कार्रवाई नियमों का पालन नहीं करने पर की गई। इसके बाद अनुमान लगाया जा रहा कि 29 फरवरी के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द हो सकता है। इसके बाद हर कोई पेटीएम पेमेंट्स बैंक से दूरी बना रहा।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




