नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । Meta कंपनी WhatsApp पर लगातार यूजर्स के लिए नए-नए फीचर्स लेकर आती है। एक ऐसा ही नया मजेदार फीचर्स लेकर आयी है, जो यूजर्स के चैट करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। WhatsApp ने हाल ही में एक बेहद खास अपडेट पेश किया है। इस अपडेट में जो नया फीचर जोड़ा गया है, उसका नाम है ‘स्टिकर रिएक्शन’।
WhatsApp पर अब तक अगर किसी मैसेज पर रिएक्ट करना होता था, तो हम सिर्फ इमोजी जैसे-हंसता चेहरा, दिल या थम्स अप का इस्तेमाल करते थे। लेकिन अब WhatsApp ने चैटिंग को और ज्यादा एक्सप्रेसिव बनाते हुए ‘स्टिकर रिएक्शन’ नाम का नया फीचर जोड़ दिया है। इसके जरिए यूजर्स अब केवल एक टैप में ढेरों मजेदार और अनोखे स्टिकर्स से अपनी भावनाएं जाहिर कर सकते हैं।
इस लेटेस्ट अपडेट में कई और दिलचस्प खूबियां भी शामिल हैं, जिनमें सबसे अनोखा फीचर है सेल्फी से स्टिकर बनाना। अब यूजर्स अपनी सेल्फी को स्टिकर में बदल सकते हैं। बस कैमरा खोलिए, एक फोटो खींचिए और WhatsApp उस तस्वीर को अपने-आप स्टिकर में बदल देगा। इसके बाद आप इसे दोस्तों को भेज सकते हैं या फिर किसी मैसेज पर उसी स्टिकर से रिएक्शन दे सकते हैं।
कैमरा और स्टिकर शेयरिंग में नए बदलाव
WhatsApp के कैमरा फीचर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब यूजर्स फोटो या वीडियो क्लिक करते समय 30 से ज्यादा बैकग्राउंड्स, फिल्टर्स और इफेक्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपकी तस्वीरें और वीडियो पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक और मजेदार नजर आएंगे। साथ ही, अब आप पूरे स्टिकर पैक को एक ही क्लिक में अपने दोस्तों के साथ शेयर कर सकते हैं। अगर कोई स्टिकर पैक पसंद आ जाए, तो उसे भेजिए और दोस्तों के साथ मिलकर चैटिंग का मजा उठाइए। WhatsApp का यह नया अपडेट न केवल बातचीत को आसान बनाता है, बल्कि उसे कहीं ज्यादा पर्सनल और एक्सप्रेसिव बना देता है। आज के दौर में जब शब्दों से ज्यादा भावनाएं संवाद करती हैं, तब ऐसे फीचर्स हमारी बातों को बेहतर तरीके से सामने लाने में मदद करते हैं।
नए स्टिकर रिएक्शन का इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप WhatsApp के नए स्टिकर रिएक्शन फीचर का फायदा उठाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें :-
1. सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में Google Play Store (Android) या Apple App Store (iOS) खोलें और वहां से WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करें।
2. अपडेट के बाद किसी भी चैट को ओपन करें। नीचे दिए गए स्टिकर आइकन पर टैप करें, फिर “Create Sticker” विकल्प चुनें। अब कैमरा ओपन होगा, अपनी सेल्फी लें। WhatsApp आपकी फोटो को अपने-आप स्टिकर में बदल देगा। बने हुए स्टिकर को आप सामान्य चैट में भेज सकते हैं या किसी मैसेज पर सीधे रिएक्शन के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।




