नई दिल्ली, रफ्तार। दुनिया के 14वें सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी ने अपने जन्मदिन पर आज अडानी ग्रुप के एजीएम की बैठक में कंपनी की मौजूदा स्थिति, भविष्य की योजनाओं और बीते दिनों मिली चुनौतियों पर खुलकर बात रखी। अडानी ने कहा कि हमारे ग्रुप का न सिर्फ मुनाफा रिकॉर्ड हाई लेवल पर है, बल्कि ग्रुप के पास सबसे ज्यादा कैश भी है। उन्होंने बताया कि अडानी ग्रुप के पास अभी 59,7991 करोड़ रुपए कैश है। यह इतिहास में सबसे अधिक है। वित्त वर्ष 2023-24 में ग्रुप की टैक्स से पहले की कमाई (एबिटा) 82,917 करोड़ रुपए के रिकॉर्ड हाई लेवल पर रही। अडानी ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में ग्रुप का टैक्स के बाद मुनाफा 71% बढ़कर 40129 करोड़ रुपए पर पहुंचा, जो रिकॉर्ड हाई है। हमारे कर्ज के अनुपात में भी गिरावट आई है। ग्रुप के नेट-डेट-टू एबिटा का अनुपात बीते साल 3.3 गुना से कम होकर 2.2 गुना पर आया है।
‘मुश्किलों ने बनाया मजबूत’
गौतम अडानी ने हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट का नाम लिए बिना कहा कि हम पर आधारहीन आरोप लगाए गए थे। उससे ग्रुप फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) प्रभावित हुआ। उस हमले ने हमारी स्थिति को न सिर्फ मजबूत किया, बल्कि हमें उससे विस्तार की संभावनाएं मिलीं। ग्रुप ने अपने निवेशकों-जीक्यूजी, क्यूआईए, यूएस डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्प का भरोसा जीता। उस मुश्किल समय ने हम सबकी परीक्षा ली और हम पहले से ज्यादा मजबूत हुए।
5 साल में 3 गुना हुआ खर्च
चेयरमैन ने कहा कि उनकी कंपनियों का सालाना खर्च बीते 5 साल में तीन गुना हो चुका है। कंपनियां तेजी से कर्ज चुका रही हैं। कर्ज के पुनर्भुगतान के लिए 2 साल में 40 हजार करोड़ रुपए जुटाए गए। इससे हम बाजार का भरोसा दोबारा जीत सके।
एयरपोर्ट बिजनेस ढाई गुना बढ़ा
उन्होंने फ्लैगशिप कंपनी यानी अडानी एंटरप्राइजेज के बारे में कहा कि वह उनके ग्रुप के लिए इनक्यूबेशन का इंजन है। उसके लिए साल बेहतरीन रहा। गौतम के मुताबिक अडानी एंटरप्राइजेज के पोर्टफोलियो में मुद्रा में कच्छ कॉपर लिमिटेड ने अपनी ग्रीनफील्ड कॉपर रिफाइनरी का परिचालन शुरू किया। ग्रुप के एयरपोर्ट बिजनेस में दहाई अंकों में बढ़ोतरी आई है। सभी एयरपोर्ट का पैसेंजर ट्रैफिक 88.6 मिलियन पर पहुंचा है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




