नई दिल्ली, रफ्तार। जून महीने की शुरुआत के साथ कई बड़े बदलाव होंगे। इसका सीधा असर आम लोगों के ऊपर पड़ेगा। एक जून से ट्रैफिक नियमों में बदलाव हो रहे हैं। नए ड्राइविंग लाइसेंस रूल लागू हो जाएंगे। अगर, कोई व्यक्ति इन नियमों का पालन नहीं करता है तो उसे भारी जुर्माना भरना पड़ेगा। नए नियमों के मुताबिक बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने पर 1000 रुपए से 2000 रुपए तक जुर्माना देना पड़ सकता है। अगर, नाबालिग गाड़ी चलाता मिलता है तो उस पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लग सकता है। फिलहाल देश में गाड़ी चलाने या लाइसेंस लेने की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष निर्धारित है। कोई नाबालिग ऐसा करता है तो उसका लाइसेंस 25 साल की उम्र तक नहीं बन सकेगा।
आधार अपडेट में मिलेगी राहत
UIDAI ने लोगों को बड़ी राहत दी है। यूआईडीएआई ने फ्री में ऑनलाइन आधार अपडेट की तारीख 14 जून तक बढ़ाई है। कोई भी ऑनलाइन आधार अपडेट करता है तो 14 जून तक चार्ज नहीं देना होगा। कोई आधार सेंटर पहुंचकर अपने आधार कार्ड में अपडेट कराता है तो उसे 50 रुपए प्रति अपडेट देना होगा।
LPG गैस के बदल सकते हैं दाम
प्रत्येक महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बदली जाती हैं। पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें तय करती हैं। एक जून को दोनों तरह के गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव हो सकता है। आखिरी बार 9 मार्च को घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में गिरावट दिखी थी। पिछले महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता किया गया था।
क्रेडिट कार्ड
पहली जून से एसबीआई क्रेडिट कार्ड से संबंधित नियमों में बदलाव कर रहा है। बैंक ने कहा है कि कुछ क्रेडिट कार्ड पर सरकार से संबंधित ट्रांजेक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट लागू नहीं होंगे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





