नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस के टिकट पर ओडिशा के बाराबती-कटक सीट से सोफिया फिरदौस ने जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। वो आजादी के बाद उड़ीसा में विधायक बनने वाली पहली मुस्लिम महिला हैं। सोफिया ने भाजपा प्रत्याशी और भारत के प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ पूर्ण चंद्र महापात्रा को 8001 वोटों से हराकर ये उपलब्धि हासिल की।
सोफिया ने 8 हजार से ज्यादा वोटों से दर्ज की जीत
इस विधानसभा चुनाव में सोफिया को 53,197 वोट मिले। वहीं बीजेपी प्रत्याशी व प्रसिद्ध चिकित्सक महापात्रा को 45,223 मत ही प्राप्त हो सके। ओडिशा की सभी 147 विधानसभा सीटों पर 4 चरणों में मतदान हुआ था। बाराबती-कटक सीट पर कांग्रेस ने सोफिया फिरदौस को उतारा था। वहीं बीजेपी ने पूर्णचंद्र महापात्रा और बीजद ने प्रकाश बेहरा को टिकट दिया था।
मौजूदा विधायक मोहम्मद मोकिम की बेटी हैं सोफिया
सोफिया फिरदौस बाराबती-कटक सीट से मौजूदा विधायक मोहम्मद मोकिम की बेटी हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में मोहम्मद मोकिम ने बीजद उम्मीदवार देबाशीष सामंतराय को लगभग 2 हजार वोटों से हराया था।
Sofia Firdous sofia_firdaus.jpg
पेशे से सिविल इंजीनियर हैं सोफिया फिरदौस
32 साल की सोफिया फिरदौस पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। साथ ही वो एक रियल एस्टेट फर्म की निदेशक भी हैं। सोफिया फिरदौस ने 2013 में कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के द्वारा लोन फ्रॉड केस में सोफिया के पिता मोहम्मद मोकिम की सजा पर रोक लगाने से इनकार करने के बाद कांग्रेस ने सोफिया को इस सीट से उम्मीदवार बनाया था।
52 साल बाद बाराबती-कटक सीट पर जीती महिला
1972 में ओडिशा की पहली महिला मुख्यमंत्री नंदिनी सत्पथी ने इस सीट पर कांग्रेस से जीत दर्ज की थी। उसके बाद इस सीट पर कोई महिला नहीं जीत पाई। 52 साल बाद सोफिया फिरदौस ने फिर से कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in/





