नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में देर रात सफर करने वाले लोगों के लिए एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सस्ते किराये का लालच देकर यात्रियों को निशाना बनाने वाला एक फर्जी बाइक राइडर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी खुद को Rapido राइडर बताकर लोगों को बाइक पर बैठाता था और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता था।
ITO से शुरू हुई पूरी वारदात
यह मामला सेंट्रल दिल्ली के आईटीओ इलाके का है। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि 20 मई की रात वह हंस भवन के पास खड़ा था। इसी दौरान एक बाइक सवार उसके पास आया और खुद को Rapido राइडर बताया। आरोपी ने युवक को कम किराये में ओखला के तखंद गांव छोड़ने का ऑफर दिया। सस्ता किराया सुनकर युवक बाइक पर बैठ गया।
पुलिस चेकिंग का बहाना बनाकर छीना मोबाइल
रास्ते में आरोपी युवक को सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने पुलिस चेकिंग का बहाना बनाकर युवक को बाइक से नीचे उतरने के लिए कहा। जैसे ही युवक सड़क पार करने लगा, आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत आईपी एस्टेट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई। इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के कई CCTV कैमरों की जांच की। तकनीकी निगरानी और फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। बाद में विकास मार्ग इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के पास से चोरी का सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 37 वर्षीय मुनेन्दर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सिंघु गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन एक अन्य चोरी का फोन वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
चोरी की निकली बाइक
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी जिस बाइक का इस्तेमाल कर रहा था, वह भी नरेला इलाके से चोरी की गई थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी और स्नैचिंग जैसी कई वारदातों में शामिल रह चुका है।
ऐसे बनाता था लोगों को शिकार
पुलिस के मुताबिक आरोपी देर रात कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े लोगों को सस्ते किराये का लालच देता था। भरोसा जीतने के बाद वह यात्रियों को सुनसान जगह ले जाकर किसी बहाने से बाइक रुकवाता और फिर मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था।
दिल्ली पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान बाइक या टैक्सी चालक की बातों में न आएं। सफर के लिए केवल अधिकृत ऐप और सत्यापित राइड बुकिंग का ही इस्तेमाल करें। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।





