नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने केदारनाथ धाम को लेकर एक बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि केदारनाथ धाम में 228 किलो सोने का घोटाला हुआ है। उन्होंने ये बात मुंबई में उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री से निकलने के बाद कही है। वहीं दिल्ली में केदारनाथ धाम जैसे मंदिर बनाने की बात पर शंकराचार्य ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों की एक परिभाषा और नियम तय हैं। इसलिये कहीं भी केदारनाथ धाम नहीं बनाया जा सकता।
‘दिल्ली में केदारनाथ धाम बनाये जाने की बात गलत’
शंकराचार्य ने आगे कहा कि दिल्ली में केदारनाथ धाम बनाए जाने की बात गलत है। हमारे धर्मस्थान में राजनीति वाले एंट्री कर रहे हैं। यह गलत है। केदारनाथ धाम से 228 किलो सोने का घोटाला हुआ है। इसकी जांच क्यों नहीं की जाती?
पीएम मोदी के हम हितैषी हैं दुश्मन नहीं- शंकराचार्य
इस दौरान शंकराचार्य ने अनंत अंबानी के विवाह में पीएम मोदी से मुलाकात पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने मुझे प्रणाम किया तो मैने उन्हें आशीर्वाद दिया। हम उनके दुश्मन नहीं हितैषी हैं। हां जहां वो गलत हैं वहां हम यह भी कहते हैं कि तुमसे गलती हुई है। शंकराचार्य ने कहा कि जैसा कि शास्त्रों में कहा गया है कि सोमनाथ सौराष्ट्र यानी गुजरात में ही होगा। उसी प्रकार केदारनाथ हिमालय पर ही होगा। उसका कोई प्रतिरूप नहीं हो सकता।
शंकराचार्य ने दिल्ली में केदारनाथ मंदिर बनाये जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि केदारनाथ में सोने का घोटाला हो गया है। अब दिल्ली में केदारनाथ बनाया जाना है तो वहां भी अब एक और घोटाला हो जाएगा।
केदारनाथ धाम के पुजारी ने सोना घोटाला का लगाया था आरोप
बता दें कि, पिछले साल केदारनाथ मंदिर के एक पुजारी ने आरोप लगाया था कि केदारनाथ धाम में 125 करोड़ रुपये कीमत के सोने का घोटाला हुआ है। इस सोने के स्थान पर ब्रास का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि मंदिर समिति ने इसे खारिज कर दिया था। जिसे आज शंकराचार्य दोहरा रहे थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




