नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में स्थित GTB अस्पताल के एक वार्ड में एक अज्ञात व्यक्ति ने 32 साल के एक मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रियाजुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 23 जून को रियाजुद्दीन के पेट में संक्रमण होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
वहीं मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति गलत पहचान का शिकार हो गए। हमलावर किसी और को मारने के लिए अस्पताल आया हुआ था लेकिन उसने गलत पहचान के चलते उसके पति को गोली मार दी।
गलत पहचान के चलते मारी गोली
मृतक की पत्नी ने बताया कि मैं पति से मिलने जब अस्पताल पहुंची तो मुझे बताया गया कि उन्हें गोली मार दी गई है। वे किसी और को मारने आए थे। उन्होंने बताया कि दूसरे वार्ड में भर्ती एक व्यक्ति को धमकियां दी गई थी और लग रहा है कि हमलावर उसे मारना चाहते थे, लेकिन उन्होंने मेरे पति को गोली मार दी।
वासमी नाम के एक मरीज को मारने आए थे हमलावर
बताया जा रहा है कि आरोपी वासमी नाम के एक मरीज को मारने आया था। जो कि जून महीने में गोली लगने से घायल हो गया था और इसी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती था। मृतक के भाई के अनुसार पहले उसे वार्ड नंबर 24 में रखा गया था। लेकिन हाल ही में वासमी को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था।
मरीज वासमी और उसके साथी को 12 जून को मारी गई गोली
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि वासमी और उसके साथी आसिफ को 12 जून को शांति चौक पर गोली मार दी गई थी। ये दोनों बाइक पर सवार थे। वासमी पर 17 केस दर्ज हैं और वो हासीम बाबा गैंग का आदमी है।
वारदात के समय मौके पर 20 लोग थे मौजूद
पुलिस के मुताबिक शाम को करीब 4 बजे 18 साल का एक युवक वार्ड में आया था और रियाजुद्दीन को गोली मार दी। इस दौरान वहां पर 20 लोग मौजूद थे। डीसीपी ने कहा कि मामला दर्ज हो गया है आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में 3-4 लोग शामिल हो सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in




