बीजापुर, 26 जून (हि.स.)। जिले के नक्सल संवेदनशील उसूर में 196 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के द्वारा महादेव घाटी में अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर 196 बटालियन के कमांडेंट केवल कृष्ण, द्वितीय कमान अधिकारी कुलदीप सिंह, पोजालाल लहुंडिम, डॉ अमित सिंह उपस्थित रहे। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 196 बटालियन के कमांडेंट केवल कृष्ण ने अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों को नशा मुक्ति हेतु जागरूक एवं प्रेरित करते हुए कहा कि नशा ही सभी बीमारियों की जड़ है तथा इससे स्वयं एवं अपने परिवार को बचाएं। डॉ अमित सिंह एसएमओ ने नशीली वस्तुओं के सेवन से शरीर में होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। नशा मुक्ति हेतु लोगों को जागरूक करने के लिए नशा मुक्ति रैली का आयोजन भी किया गया। इस दौरान अति संवेदनशील नक्सल क्षेत्र उसूर में सहायक कमांडेंट आशीष कुमार दुबे, निरीक्षक धूडाराम सैनी ने सभी जवानों के साथ मिलकर रैली द्वारा गांव वालों को नशा मुक्ति हेतु जागरूक किया। हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे




