चुनाव खत्म होते ही मुंबई लौट गए अरुण गोविल, पर विपक्ष हमलावर, सवाल उठे तो दिया ये जवाब

Loksabha Election: यह मतदान होने के बाद अरुण गोविल मुंबई के लिए निकल गए थे। जिसको लेकर वहां की जनता और स्थानीय नेताओं में नाराजगी बनी हुई है। उनके इस मुद्दे को विपक्ष ने भुनाने की कोशिश की है।
Arun Govil
Arun Govilraftaar.in

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश में चुनावी माहौल है। लोकसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 26 अप्रैल 2024 को पूर्ण हो चुकी है। वहीं नेता अपने प्रतिद्वंदियों पर हमला करने से पीछे नहीं रह रहे हैं। भाजपा ने अभिनेता अरुण गोविल(जिन्होंने प्रसिद्ध टीवी सीरियल 'रामायण में भगवान राम का किरदार निभाया था) को मेरठ लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। मेरठ में दूसरे चरण के लिए मतदान 26 अप्रैल 2024 को हो चुके हैं। यह मतदान होने के बाद अरुण गोविल मुंबई के लिए निकल गए थे। जिसको लेकर वहां की जनता और स्थानीय नेताओं में नाराजगी बनी हुई है। उनके इस मुद्दे को विपक्ष ने भुनाने की कोशिश की है।

कांग्रेस नेता अजय राय ने भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल पर हमला बोला

कांग्रेस नेता अजय राय ने भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल पर हमला बोलते हुए, अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है, "पता चल रहा है कि मेरठ से भाजपा प्रत्याशी रहे अरुण गोविल जी चुनाव निपटने के अगले ही दिन मुंबई निकल गए। शायद इन्हें जनता के बीच रहने में दिक्कत थी। ये जनाब कल पोलिंग बूथ के अंदर वीडियोग्राफी करा रहे थे। इनके चुनाव प्रचार में एक व्यापारी की जेब से 36000 रुपये उड़ा लिए गए। इतना ही नहीं चुनाव प्रचार में जब एक पत्रकार ने इनसे मेरठ के मुद्दे पूछे तो इन्हें कुछ नहीं पता था। ज़वाब में ये इतना ही बोल पाए कि पहले चुनाव हो जाये फिर मुद्दे देखेंगे! अब बताइये! ऐसे नेता से जनता को क्या उम्मीद होगी? ऐसे नेता कम अभिनेता से तो राम ही बचाएं! वैसे, भाजपा के अधिकांश नेताओं की यही रीति-नीति है। उन्हें जनता और जमीन से कोई मतलब नहीं। वे बस पैराशूट पॉलिटिक्स में यक़ीन रखते हैं।"

भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने दिया जवाब

भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल ने अपने प्रतिद्वंदियों और आलोचकों को मेरठ में लोकसभा चुनाव के बाद मुंबई रवाना होने का कारण बताते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है कि "मेरे मेरठ के सम्मानित मतदाता बहनों- भाइयों और कार्यकर्ताओं नमस्कार। होली के दिन 24 मार्च को भारतीय जनता पार्टी ने मेरे नाम की घोषणा की और उनके निर्देश पर 26 मार्च को मैं आपके बीच पहुँच गया। 1 महीना आपके साथ रहकर आपके सहयोग से चुनाव प्रचार किया। चुनाव संपन्न हुआ। आपके प्रेम,सहयोग और सम्मान के लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूँ। अब पार्टी के निर्देश पर मैं मुंबई में हूँ यहाँ की ज़िम्मेदारी पूरी करने के लिये। पार्टी मुझे चुनाव प्रचार के लिये दूसरे क्षेत्रों में भी भेजने का कार्यक्रम बना रही है इस प्रक्रिया के पूरा होते ही मैं आपके बीच पहुँच जाऊँगा और मेरठ की जनता और भारतीय जनता पार्टी के सम्मानित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मेरठ को और उचाइयों तक ले जाने के लिये प्रयास आरंभ कर दूँगा। मैं हृदय की गहराइयों से एक बार फिर आपका धन्यवाद करता हूँ जो आपने इस चुनाव में मेरा सहयोग और उत्साहवर्धन किया। मीडिया बंधुओं का भी उनके सहयोग के लिये बहुत-बहुत आभार ।"

यह अभिनेता से राजनेता बने अरुण गोविल के लिए अग्नि परीक्षा है

यह राजनीति है। यहां पर कोई कितना भी बड़ा और प्रसिद्ध व्यक्ति क्यों न हो, अगर उसमे संयम, शांति और देश भक्ति नहीं होगी तो उसका राजनीति में बना रहना बड़ा मुश्किल है। शुरुआत में थोड़ा परेशानी जरूर आएगी। मगर बाद में जनता आपके कार्यों से आपको पहचानने लगेगी। यह अभिनेता से राजनेता बने अरुण गोविल के लिए अग्नि परीक्षा है। वह एक बहुत ही विनम्र व्यक्ति हैं। लेकिन क्या वह यह विनम्रता राजनीति में बनाये रख पाएंगे? यह समय ही बताएगा।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in