चुनाव से ठीक पहले दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का पद से इस्तीफा, अरविंदर सिंह लवली ने खड़गे को लिखा पत्र; बताया कारण

Loksabha Election: अरविंदर सिंह लवली ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है।
Arvinder Singh Lovely
Arvinder Singh Lovelyraftaar.in

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। देश में चुनावी माहौल है। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 26 अप्रैल 2024 को पूर्ण हो चुकी है। वहीं देश की राजधानी में अभी मतदान शुरू होने से पहले ही, सियासी भूचाल आ गया है। दरअसल दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने 28 अप्रैल 2024 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिससे कांग्रेस में चल रहे आंतरिक कलह खुलकर सबके सामने आ गया है। अरविंदर सिंह लवली ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया पर कई बड़े आरोप लगाए हैं।

दीपक बाबरिया अपनी मनमानी चलाते हैं

अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे अपने 4 पेज के इस्तीफे में पार्टी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया पर अपनी नाराजगी जताते हुए, उनपर बड़े आरोप लगाए हैं। अरविंदर सिंह लवली ने अपने पत्र में लिखा है कि पार्टी में उन्हें कोई निर्णय नहीं लेने दिया जाता है। उनका कहना है कि पार्टी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया उनके कामों में अड़चन डाल रहे हैं। उन्हें पार्टी नहीं चलाने दे रहे हैं। अरविंदर सिंह लवली ने अपने पत्र में लिखा है कि उनके परामर्श पर कोई भी नियुक्ति नहीं की जाती है। दीपक बाबरिया अपनी मनमानी चलाते हैं। अरविंदर सिंह लवली ने आप के साथ गठबंधन को लेकर भी बड़ी बात लिखी है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र में लिखा है कि आप के साथ गठबंधन में उनकी सहमति नहीं होने के बावजूद उन्होंने पार्टी के निर्णय का सम्मान किया।

पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से खेला गया

अरविंदर सिंह लवली ने कहा की दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों में भी प्रदेश कार्यालय की कोई सहमति नहीं ली गई। उनका कहना है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से उदित राज को स्थानीय प्रत्याशियों को नजरअंदाज करके ही टिकट दिया गया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से खेला गया। उनके विरोध को नजरअंदाज करते हुए उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमारऔर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से उदित राज को प्रत्याशी बनाया गया है। बताना चाहेंगे कि दिल्ली में आप और कांग्रेस के गठबंधन में सीट बंटवारे में कोंग्रेस को 3 सीट और आप के खाते में 4 सीट आयी है। दोनों मिलकर दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों में लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in