नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश इस वर्ष 27 अगस्त को भक्तों के घर पधारेंगे। गणेश चतुर्थी का पावन पर्व 27 अगस्त 2025 को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह उत्सव 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें भक्तगण भक्ति, पूजा और उत्सव के रंग में रंगे नजर आएंगे। अगर आप पहली बार गणपति बाप्पा की स्थापना अपने घर में करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है, ताकि पूजा विधि शुद्ध और पूर्ण रूप से संपन्न हो सके।
पहली बार कर रहे हैं गणपति स्थापना? इन बातों का रखें खास ध्यान
अगर आप इस गणेश चतुर्थी पर पहली बार बप्पा को अपने घर ला रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। सही तरीके से स्थापना करने से न केवल पूजा विधि सफल होती है, बल्कि बप्पा का आशीर्वाद भी घर में बना रहता है। आइए जानें गणेश स्थापना से जुड़ी कुछ अहम बातें :-
1. मिट्टी की मूर्ति को दें प्राथमिकता
गणेश जी की स्थापना के लिए हमेशा मिट्टी की मूर्ति ही लेकर आएं। यह पर्यावरण के अनुकूल होती है और धार्मिक दृष्टि से भी शुभ मानी जाती है। शास्त्रों के अनुसार, भगवान गणेश का जन्म शरीर की मैल से हुआ था, इसलिए उनकी मूर्ति भी मिट्टी से बनाई जाती है।
2. मूर्ति लाने का तरीका
जब आप गणेश जी की मूर्ति घर लाएं, तो उसे साफ या नए कपड़े से ढककर ही लाएं। यह एक प्रकार का सम्मान और पवित्रता का प्रतीक है।
3. मूर्ति की स्थापना दिशा और स्थान
गणेश जी की मूर्ति को घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में स्थापित करें। ध्यान रखें कि गणपति का मुख उत्तर दिशा की ओर होना चाहिए। स्थापना से पहले उस स्थान को अच्छे से साफ करें और पवित्र करें।
4. विधिवत पूजा और स्थापना
स्थापना से पहले गणेश जी का स्वागत पूजा और मंत्रों के साथ करें। स्थापना के बाद प्रतिदिन पूजा, आरती और भोग जरूर लगाएं। गणेश जी आपके घर मेहमान के समान आते हैं, उनकी अच्छे से सेवा करें।
5. बप्पा को कभी अकेला न छोड़ें
गणपति स्थापना के दौरान घर में कोई न कोई व्यक्ति हमेशा उनके पास होना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि गणेश जी जब तक घर में विराजते हैं, तब तक उन्हें अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।
इन सरल लेकिन महत्वपूर्ण नियमों का पालन कर आप अपने घर में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित कर सकते हैं। ऐसा करने से बप्पा की कृपा आप पर और आपके परिवार पर बनी रहेगी।





