नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पटना के आसपास घूमने-फिरने की सोच रहे हैं? थकान को चुटकियों में उड़ाने और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए ये जगहें आपके लिए बेस्ट साबित होंगी। चाहे इतिहास के शौकीन हों या नेचर लवर, पटना के पास ये टूरिस्ट स्पॉट हर किसी के लिए खास हैं।
पटना के बगल में बसा वैशाली बेहद खास जगह है, यहां आप अपने बच्चों को मौज मस्ती के साथ-साथ इतिहास की जानकारी भी दे सकते हैं। यहां विश्व शांति स्तूप, बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-स्मारक स्तूप, वैशाली पुरातात्विक संग्रहालय, राजा विशाल का गढ़, अभिषेक पुष्करिणी जलाशय, बुद्ध अवशेष स्तूप और अशोक स्तंभ सहित कई जगहों की सैर कर सकते हैं।
अगर आप अपनी गाड़ी से चमचमाती सड़क पर ड्राइव करते हुए शानदार मौसम का आनंद उठाना चाहते हैं और नेचर की खूबसूरती के बीच परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताना चाहते हैं तो गाड़ी उठाइए और जहानाबाद निकल लीजिए। यहां आप बराबर की गुफाएं, बाबा सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, उदेरा स्थान बराज, योगेश्वर नाथ मंदिर, विष्णु मंदिर काको घूम सकते हैं। सभी प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है।
अगर आप पटना के मरीन ड्राइव से अलग अपनी शाम बिताने के लिए कोई बढ़िया डेस्टिनेशन खोज रहे हैं तो बख्तियारपुर पहुंच जाइए। यहां गंगा रिवर फ्रंट का आनंद उठाइए। रात के समय भारी संख्या में लोग ठंडी हवाओं का आनंद उठाने के लिए पहुंचते हैं। पाथ वे पर टहल सकते हैं और पिकनिक भी मना सकते हैं।
पटना से लगभग 25 किमी दूरी पर स्थित मनेर एक ऐतिहासिक और सूफी जियारती स्थल है। यहां शाह दौलत और मखदूम याहया मनेरी की दरगाहें हैं। यह आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान है। जब यहां जाएंगे तो वर्ल्ड फेमस मनेर का लड्डू खाना नहीं भूलिएगा। अंग्रेजों को भी यह बहुत ज्यादा पसंद था
शेखपुरा का गिरिहिंडा हिल भी घूमने के लिए बेस्ट है। यहां 800 फीट ऊंचे पहाड़ पर पार्क और गेस्ट हाउस सहित कई सुविधाएं मिलेगी। एक तरफ गिरिहिंडा पहाड़ पर अवस्थित बाबा कामेश्वर नाथ मंदिर में पूजा भी कर सकते हैं। दूसरी तरफ देर रात तक पार्क में घूमकर क्वालिटी टाइम भी बिता सकते हैं।




