नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुवार, 15 मई 2025 को बिहार के दरभंगा पहुंचे। वह अंबेडकर छात्रावास में छात्रों से मिलने और उन्हें संबोधित करने जा रहे थे। लेकिन प्रशासन ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी थी। इसके बावजूद राहुल गांधी पैदल ही पीछे के रास्ते से छात्रावास पहुंच गए। उन्होंने कहा, “कोई ताकत मुझे रोक नहीं सकती।
PM मोदी पर सीधा हमला – “ये अडानी-अंबानी की सरकार है”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमने संसद में मोदी जी से कहा कि जाति जनगणना करानी पड़ेगी। डर की वजह से उन्होंने इसकी घोषणा की, लेकिन वो लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ हैं। यह सरकार आम जनता की नहीं, अडानी और अंबानी की है।
दलितों और पिछड़ों के मुद्दों पर बोले राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि देश में दलित, पिछड़े, अति पिछड़े और आदिवासी वर्ग के साथ हर दिन अन्याय होता है। उन्हें शिक्षा से रोका जाता है, पेपर लीक किए जाते हैं, और सिस्टम से बाहर रखा जाता है। उन्होंने छात्रों से कहा, “आप 90 प्रतिशत हैं, अपनी ताकत को पहचानिए।
राहुल गांधी ने तीन बड़ी मांगें रखीं
राहुल गांधी ने अपने भाषण में तीन मुख्य मांगें रखीं
सही तरीके से जाति जनगणना कराई जाए – जैसे कांग्रेस ने तेलंगाना में की।
प्राइवेट कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में आरक्षण लागू हो – जो कि कानून में है लेकिन सरकारें लागू नहीं कर रहीं।
SC-ST सब-प्लान का पैसा सही जगह पहुंचे – जो इनके हक का है और दिया नहीं जा रहा।
“बिहार की पुलिस मुझे नहीं रोक पाई”
राहुल गांधी ने अंत में कहा, “बिहार पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की लेकिन मैं यहां आ गया। क्योंकि आपके समर्थन की ताकत मेरे साथ है। इसलिए कोई ताकत मुझे रोक नहीं सकती।
बता दें कि दरभंगा के DM ने कहा है कि राहुल गांधी के इस कृत्य की वजह से प्रशासन उनपर कार्यवाई करेगा।




