नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए एक बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की स्वीकृति दी। इस योजना का मकसद राज्य के हर परिवार की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।
महिलाओं को मिलेगा शुरुआती 10 हजार रुपये
इस योजना के तहत हर परिवार की एक महिला को पहली किस्त के तौर पर 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। यह पैसा सीधे महिलाओं के बैंक खाते में ट्रांसफर होगा। इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसकी पूरी व्यवस्था एवं प्रक्रिया का निर्धारण ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा किया जाएगा एवं इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग का भी आवश्यकतानुसार सहयोग लिया जाएगा।
सितंबर से शुरू होगी राशि का ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवेदन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी ग्रामीण विकास विभाग को दी गई है और नगर विकास एवं आवास विभाग भी इसमें सहयोग करेगा। सितंबर 2025 से ही महिलाओं के खाते में पैसा पहुंचना शुरू हो जाएगा।
2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता
सरकार ने यह भी तय किया है कि रोजगार शुरू करने के 6 महीने बाद अगर महिलाओं को और मदद की जरूरत होगी तो 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जा सकेगी। सरकार गांव और शहरों में हाट-बाजार विकसित करेगी ताकि महिलाएं अपने उत्पादों की आसानी से बिक्री कर सकें। इससे उन्हें अपने रोजगार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नीतीश कुमार का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस योजना से न सिर्फ महिलाओं की स्थिति और मजबूत होगी बल्कि राज्य के अंदर ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। लोगों को मजबूरी में राज्य से बाहर नौकरी के लिए नहीं जाना पड़ेगा। यह योजना चुनावी माहौल में नीतीश कुमार का महिलाओं को दिया गया बड़ा संदेश मानी जा रही है।




