नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बड़ा ऐलान किया है। लखीसराय में आयोजित एक सभा में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने साफ किया कि टिकट वितरण में जाति या धर्म नहीं बल्कि ईमानदारी और समाजसेवा को प्राथमिकता दी जाएगी।
जाति और अनाज के नाम पर वोट बेचना गलत – पीके
सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि आज भी लोग जाति, धर्म और पांच किलो अनाज के नाम पर वोट देते हैं। यह अपने बच्चों का भविष्य बेचने जैसा है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस बार वोट जाति या लालच के नाम पर नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर करें।
BJP-JDU पर करारा हमला
नगर भवन, लखीसराय में युवाओं की भारी भीड़ के बीच पीके ने भाजपा और जदयू पर निशाना साधते हुए कहा, “बीजेपी और जेडीयू 20 साल पुरानी एक्सपायरी दवा की तरह हो गई हैं, जबकि जन सुराज नई दवा है। अब जनता को तय करना है कि एक्सपायरी दवा खानी है या नई दवा। प्रशांत किशोर ने महाभारत के अभिमन्यु का उदाहरण देते हुए युवाओं को बिहार सुधार की लड़ाई में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे नेता बनकर नहीं, बल्कि बिहार का बेटा बनकर लोगों के बीच आए हैं। उनका उद्देश्य वोट मांगना नहीं बल्कि लोगों को सही रास्ता दिखाना है।
बदलाव का संदेश
सभा में पीके ने कहा कि बिहार को बदलने के लिए ईमानदारी और साहस चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर वर्ग से योग्य और अच्छे लोगों को टिकट दिया जाएगा। सभा में मौजूद युवाओं का उत्साह देखकर उन्होंने कहा,“आपने अब तक जाति, धर्म और अनाज के नाम पर वोट दिया, लेकिन कभी अपने बच्चों के नाम पर वोट नहीं दिया। अगर भविष्य बदलना है तो इस बार बच्चों के नाम पर वोट दीजिए।” कार्यक्रम में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मंच पर जन सुराज के जिलाध्यक्ष रासपति पांडेय, अमित सागर, लव आनंद, डॉ. धीरेंद्र प्रसाद सिंह, टुनटुन प्रसाद सिंह और धर्मेंद्र कुमार आर्य भी मौजूद रहे।





