नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान में मंगलवार को नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जहां केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) और अलीनगर से बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाला और जनता को संदेश दिया।
जीतन राम मांझी ने तेजस्वी पर कसा तंज
मतदान के बाद मांझी ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ख्याली पुलाव पका रहे हैं। मांझी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी हर चीज़ में कमाई ढूंढते हैं और मंत्री पद देने के लिए भी पैसों का खेल करते होंगे।
मांझी ने कहा,महागठबंधन की सरकार की संभावना दूर-दूर तक नहीं है। 14 नवंबर को एनडीए को कम से कम 160 सीटें मिलेंगी और एक बार फिर एनडीए की ही सरकार बनेगी।
मैथिली ठाकुर बोलीं – विकास और देशहित के लिए डाला वोट
बीजेपी की युवा चेहरा और अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने भी मतदान किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने वोट क्षेत्र के विकास और देशहित के लिए डाला है।उन्होंने बताया कि लोगों का प्यार और समर्थन उम्मीद से कहीं अधिक मिला है।मैथिली ने कहा, 14 तारीख को जो भी परिणाम आएगा, वह सभी के लिए मान्य होगा। जनता का फैसला सर्वोपरि है।
जनता में दिखा जबरदस्त उत्साह
दूसरे चरण के मतदान में बिहारभर के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें दिखीं। महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर खास जोश देखा गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अब तक औसतन 60% से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।
अब नज़रें 14 नवंबर पर
अब सबकी निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब नतीजे सामने आएंगे। मांझी एनडीए की प्रचंड जीत का दावा कर रहे हैं, तो वहीं प्रशांत किशोर जनता को परिवर्तन का मौका बताकर जन सुराज को मज़बूत करने में जुटे हैं। मैथिली ठाकुर ने भी कहा है कि विकास की राजनीति ही उनकी प्राथमिकता है।





