नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार चुनाव की सियासी गर्माहट चरम पर है और नेताओं की जुबानी जंग अपने शब्दों की धार से तेज होती जा रही है। इस राजनीतिक रणभूमि में कांग्रेस के प्रभारी और वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा, जिससे सियासत में नया विवाद उभर आया।
अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि कभी प्रधानमंत्री पद के दावेदार रहे नीतीश कुमार अब ऐसी स्थिति में हैं कि बीजेपी उन्हें मुख्यमंत्री घोषित करने के लिए भी तैयार नहीं है।
अशोक गहलोत ने आगे कहा कि आज नीतीश कुमार की स्थिति इतनी कमजोर हो गई है कि सरकार बनने पर भी उनके मुख्यमंत्री बनने का भरोसा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने लगातार अलग-अलग पार्टियों के साथ गठबंधन कर अपनी राजनीतिक छवि को कमजोर कर लिया है।
‘बदलाव पूरे देश के लिए जरुरी’
वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार में महागठबंधन की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सिर्फ महागठबंधन के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए जरूरी है। उनका कहना था कि बिहार का यह चुनाव केवल राज्य का नहीं, बल्कि पूरे देश को संदेश देने वाला है।
‘महागठबंधन पूरी तरह एकजुट’
अशोक गहलोत ने कहा, “महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और हमें उम्मीद है कि हम सरकार बदलेंगे। राहुल गांधी की यात्रा के बाद बिहार का राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल चुका है।” उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश जानना चाहता है कि आखिर बीजेपी हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र में कैसे जीत हासिल कर गई।
‘बदलाव के मूड में है बिहार की जनता’
कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत ने कहा कि, बिहार की जनता 20 साल बाद बदलाव की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन बेहद जरूरी है और बीजेपी नेताओं के घमंड को तोड़ना समय की मांग है।
‘जंग की तरह चुनाव लड़ रही BJP’
अशोक गहलोत ने कहा, “बीजेपी बिहार के चुनाव को युद्ध की तरह लड़ रही है। लोकतंत्र में चुनाव जनता के मत हासिल करने के लिए होता है, लेकिन बीजेपी जिस तरह दंगल और युद्ध के अंदाज में चुनाव लड़ रही है, उसमें हिंसा की आशंका बढ़ती है।”





