नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच केंद्र और प्रदेश सरकारों पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि अब सत्ताधारी दलों ने PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग की जान लेना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग आम जनता के दुखों को “छुटपुट घटना” कहकर नजरअंदाज कर रहे हैं।
सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा “PDA की मौत होना जिनके लिए छुटपुट घटना हो, उनके राज में शासन-प्रशासन से कोई उम्मीद करना बेकार है। अगर उत्पीड़न और अत्याचार से बचना है तो अपनी सरकार बनाना ही एकमात्र विकल्प है। हमें अपना वोट बचाना है, और एकजुट होकर डालना है, क्योंकि एकता ही हमारी ढाल है।” अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि PDA का संदेश गावं-गांव तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा “हर गांव, पुरवा, मजरा, टोला, गली और बस्ती तक PDA की एकता और सम्मान का संदेश ले जाना होगा।”
पीडीए की सरकार बनने पर खत्म होगा अत्याचार : अखिलेश यादव
सपा नेता ने कहा कि जब पीडीए की सरकार बनेगी, तभी हमारा मान-सम्मान, संविधान और वोट का अधिकार सुरक्षित रहेगा। राशन, पेंशन और खेत-जमीन के कागजों से किसी का नाम नहीं कटेगा। तभी आरक्षण बचेगा और नौकरी का लाभ भी सबको मिलेगा। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को काम, कारोबार और रोजगार के लिए बराबर मौका मिलेगा, जिससे हमारे और हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा। किसानों को खेती के लिए खाद, पानी और बीज की किल्लत से राहत मिलेगी और उनकी उपज को उचित दाम मिलेगा। अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि पीडीए की सरकार में पुलिस का अत्याचार और भ्रष्टाचार खत्म होगा।
“मिलेगी सही मजदूरी और महिलाओं का होगा आर्थिक सशक्तिकरण”
अखिलेश यादव ने कहा कि तहसीलदार से लेकर डीएम तक हर अधिकारी हमारी बात सुनेगा और सबको अपनी मेहनत की सही मजदूरी मिलेगी। बीमारी या दुर्घटना होने पर घर तक एंबुलेंस सेवा पहुंचेगी। उन्होंने महिलाओं के लिए भी सुरक्षा और आर्थिक अवसरों को सुनिश्चित करने का वादा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने का मौका मिलेगा और उनके खातों में हर महीने सीधे पैसे पहुँचाने के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ चलाई जाएगी।
“युवाओं को देंगे रोजगार और स्टार्टअप में करेंगे पूरा सहयोग”
अखिलेश यादव ने कहा कि युवाओं को नौकरी-काम-रोजगार मिलेगा और नई सीख, हुनर व अपने काम या स्टार्टअप के लिए पूरा सहयोग उपलब्ध होगा। इसके अलावा युवाओं के लिए पुरानी पूर्णकालिक भर्ती फिर से शुरू होगी और अग्निवीर योजना समाप्त कर सैन्यकर्मियों को आजीवन सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने छोटे कारोबारियों के लिए भी राहत का वादा किया, कहा कि छोटे दुकानदार अपना काम बढ़ा और सुचारू रूप से चला पाएंगे। निवेशकों के आने से रोजगार देने वाले उद्योग, मिल और कारखाने फिर से चलेंगे, जिससे पेशेवर और मेहनतकश दोनों के हाथ में अधिक पैसे बच सकेंगे।
“बुजुर्ग, मजदूर और कलाकार भी पाएंगे सम्मान”
अखिलेश यादव ने कहा कि बुजुर्ग और सभी नागरिक अपनी बचत का सही ब्याज पाएंगे और बीमार बड़े-बूढ़े, जच्चा-बच्चा मुफ्त इलाज, दवाई, एक्सरे और अन्य जाँच करवा पाएंगे। शिक्षक, आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, साहिकाएं और शिक्षा मित्र अपने हक पाएंगे। साथ ही खिलाड़ी, कलाकार, साहित्यकार और समाजसेवी फिर से सम्मान पाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि हुनरमंद और बुनकर सुरक्षित माहौल में खुलकर काम कर पाएंगे और सभी बिना किसी भेदभाव के अमन-चैन से रह सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इसलिए ठान लीजिए कि ‘जो भी पीड़ित है, वो पीडीए है’। पीडीए की एकजुटता का संदेश हर घर तक पहुंचाया जाएगा और उनकी सरकार बनने पर अत्याचार, उत्पीड़न और शोषण से मुक्ति मिलेगी, जिससे लोग सिर उठाकर अपनी रोजी-रोटी कमा सकेंगे और जीवन सुरक्षित रहेगा।





