नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही अभी नहीं हुआ है, लेकिन राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को सीमांचल न्याय यात्रा की शुरुआत करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया। किशनगंज पहुंचे ओवैसी ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे महागठबंधन का हिस्सा बनना चाहते थे, तो उन्होंने कहा कि हमने छह सीटों की मांग की थी, लेकिन बात नहीं बनी। अब बिहार की जनता देख रही है कि BJP की B टीम कौन है।
असदुद्दीन ओवैसी ने यह भी साफ किया कि उनकी पार्टी इस बार बिहार में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम अप्रैल में बिहार आए थे और तभी स्पष्ट कर दिया था कि AIMIM पूरी तरह चुनाव लड़ेगी। हम चार दिन तक सीमांचल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पब्लिक मीटिंग्स और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। AIMIM की यह सीमांचल यात्रा पार्टी के मजबूत मुस्लिम बहुल इलाकों में पकड़ और प्रभाव को दोबारा साबित करने की रणनीति मानी जा रही है।
गठबंधन पर क्या बोले ओवैसी ?
असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार के सीमांचल दौरे के दौरान महागठबंधन में शामिल होने की कोशिश को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पत्र लिखा था और मीडिया के जरिए भी संदेश भेजा गया था कि AIMIM महागठबंधन में शामिल होना चाहती है। ओवैसी ने कहा कि हमने सिर्फ 6 सीटों की मांग की थी, लेकिन आज तक हमें कोई जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर महागठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमने तो अपना फर्ज निभाया है, अब बिहार की जनता देख रही है कि असली में भाजपा को कामयाबी कौन दिलाना चाहता है। वहीं जब उनसे यह पूछा गया कि AIMIM बिहार में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने साफ़ कहा कि जब लिस्ट जारी होगी तब सबको पता चल जाएगा। गठबंधन को लेकर भी उन्होंने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी।
‘I Love Muhammad’ पोस्टर विवाद पर दी प्रतिक्रिया
असदुद्दीन ओवैसी ने आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हर मुसलमान पैगम्बर मोहम्मद साहब से मोहब्बत करता है क्योंकि यह उनके ईमान का हिस्सा है। ऐसे में पोस्टर लगाने से मना करना पूरी तरह से गलत है। इसके साथ ही जब उनसे तेजस्वी यादव द्वारा डिग्रीधारी युवाओं को पहले रोजगार देने के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो असदुद्दीन ओवैसी ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें पहले ये बताना चाहिए कि बिहार में कुल कितने युवा स्नातक पास हैं। इस बातचीत के दौरान AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।





