नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । सलमान खान द्वारा होस्ट किए जाने वाले रियलिटी टीवी शो ‘बिग बॉस 19’ में दर्शकों को रोमांचक एक्शन के साथ-साथ भावनात्मक पल भी देखने को मिलते हैं, जब घर के कंटेस्टेंट्स के बीच जज़्बात और कहानियां उभरकर सामने आती हैं।
हालिया एपिसोड में यह नजारा देखने को मिला जब बेडरूम में बातचीत के दौरान कुनिका सदानंद और फरहाना भट ने अपने अतीत और निजी अनुभवों को साझा करना शुरू किया, जिससे माहौल काफी भावनात्मक हो गया।
बेडरूम में बातचीत के दौरान फरहाना भट ने साझा किया कि उनके माता-पिता के तलाक के कारण उनका बचपन कठिनाइयों से भरा रहा। वहीं, कुनिका सदानंद ने भी अपनी कहानी सुनाई कि कैसे उन्होंने अपने बेटे की कस्टडी पाने के लिए 9 साल तक संघर्ष किया।
मैंने अपने पापा को कभी नहीं देखा- फरहाना भट
बातचीत के दौरान फरहाना भट ने कुनिका सदानंद से कहा, “मेरे माता-पिता अलग हो गए हैं। मेरी मां तब सिर्फ 25-26 साल की थीं। मैंने अपने पापा को कभी नहीं देखा, सिर्फ़ तस्वीरों में ही देखा है। ये सब मेरे लिए बहुत डरावनी और कठिन अनुभव रहे हैं।”
फरहाना के दिल में बैठा शादी का डर
फरहाना भट ने बताया कि, बचपन में घर में देखी गई घटनाओं के कारण उनके दिल में शादी को लेकर डर बैठ गया है। जब भी शादी का जिक्र होता है, उन्हें पुराना ट्रॉमा महसूस होता है और ख्याल आता है कि अगर भविष्य में भी ऐसा कुछ हुआ तो शायद उन्हें शादी नहीं करनी चाहिए।
फिर कुनिका ने सुनाई अपनी कहानी
फरहाना की बातें सुनकर कुनिका का हावभाव ध्यान आकर्षित करने वाला था। लेकिन जब कुनिका ने अपनी कहानी साझा की, तो फरहाना चुप रह गईं, क्योंकि कुनिका सदानंद की कहानी भी उतनी ही भावनात्मक और असरदार थी।
9 साल तक लड़ाई के बाद पीछे हट गई
कुनिका सदानंद ने साझा किया कि, तलाक के बाद उन्होंने अपने बेटे की कस्टडी पाने के लिए 9 साल तक संघर्ष किया। उन्होंने आगे बताया कि आखिरकार वह पीछे हट गईं क्योंकि उन्हें अपने बेटे की पढ़ाई और भला-बुरा सोचने की चिंता थी। कुनिका ने कहा कि, उनके पूर्व पति उन्हें बेटे से मिलने नहीं देते थे और उनके बारे में नकारात्मक बातें कहा करते थे।
9 साल तक बेटे के लिए संघर्ष किया
कुनिका सदानंद ने कहा, “मेरी उम्र 20 साल थी जब मेरा तलाक हुआ। 9 साल तक मैंने अपने बेटे के लिए संघर्ष किया। मुंबई में काम करती थी और फिर दिल्ली कोर्ट भाग-भाग कर जाती थी। एक दिन मेरे बेटे ने मुझसे कहा, ‘मम्मा, आप दोनों में से कोई तो गिवअप करो, वरना मेरी पढ़ाई पूरी खराब हो जाएगी।’ तब मैंने तय किया कि अब मैं आगे संघर्ष नहीं करूंगी।”
बेटे के कहने पर केस छोड़ा
सलमान खान के साथ काम कर चुकीं कुनिका सदानंद ने कहा कि, जैसे-जैसे उनका बेटा बड़ा हुआ, उसे सही और गलत का फर्क समझ में आने लगा। कुनिका ने बताया कि उनका बेटा धीरे-धीरे उनके साथ सुलह और मेल-जोल में आ गया और अब जब भी वे दिल्ली जाती हैं, वह हमेशा उनके साथ रहता है। यह कहते हुए कुनिका के चेहरे पर एक प्यारी मुस्कान दिखाई दी।




