नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और NCP (SP) के मुखिया शरद पवार ने बारामती के मालेगाव में एक मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत की और उपमुख्यमंत्री अजित पवार पर बड़ा हमला बोला। दरअसल, अजित पवार के समर्थन में उनके परिवार की तरफ से एक पत्र पढ़ा गया था। जिसमे कहा गया था कि अजित पवार के साथ बड़ा अन्याय हुआ है। शरद पवार ने इस बयान का जवाब देते हुए अजित पवार पर निशाना साधा और कहा कि अजित पवार को 4 बार डिप्टी CM बनाया, वह कई सालों तक महाराष्ट्र में मंत्री रहे और सत्ता उनके पास रही। फिर भी वे लोग कह रहे हैं कि अजित पवार के साथ बड़ा अन्याय हुआ है।
युगेंद्र पवार को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए
NCP (SP) के मुखिया शरद पवार ने अपनी बात जारी रखते हुए पत्रकारों से कहा कि अजित पवार तो कई बार महाराष्ट्र की सत्ता में रहे हैं, फिर भी अगर वे कह रहे हैं कि उनके साथ बड़ा अन्याय हुआ तो अब यह सवाल खड़ा होता है कि क्या उनके साथ वास्तव में अन्याय हुआ? शरद पवार ने अपने पोते और अजित पवार के भतीजे युगेंद्र पवार को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। शरद पवार ने कहा कि युगेंद्र पवार को भी अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। क्योंकि वह इस परिवार में नए हैं।
राज्य में MVA की सरकार बनने जा रही है: शरद पवार
महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता शरद पवार ने पत्रकारों से अपनी बातचीत के दौरान कहा कि राज्य में महाविकास आघाड़ी(MVA) की सरकार बनने जा रही है। महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी की सरकार पूर्ण बहुमत वाली होगी। शरद पवार ने आगे कहा कि वह ज्योतिषी नहीं हैं, इसलिए महाविकास आघाड़ी की सीटों की संख्या का दावा नहीं कर सकते हैं। इसके बाद शरद पवार ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि महाराष्ट्र में पूर्ण बहुमत से महाविकास आघाड़ी की सरकार बनेगी।




