विराट कोहली।
विराट कोहली।  @mufaddal_vohra एक्स सोशल मीडिया।
आईपीएल 2024

IPL 2024 Orange Cap: रोहित शर्मा छीन लेंगे कोहली से ऑरेंज कैप? CSK के खिलाफ शतक लगा पहुंचे विराट के बेहद करीब

नई दिल्ली, रफ्तार। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने चेन्नई सुपर किंग्स से मुकाबले में शतक जड़कर ऑरेंज कैप की रेस में टॉप-5 बल्लेबाजों में जगह बना ली है। रोहित ने चेन्नई के खिलाफ 63 गेंदों पर 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 105 रनों की नाबाद पारी खेली। इस आईपीएल में रोहित के नाम 6 पारियों में 261 रन हो गए हैं। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली, रियान पराग और संजू सैमसन के बाद चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

रोहित ने बनाए हैं 261 रन

रोहित शर्मा ने इस आईपीएल में 261 रन 52.20 की औसत और 167.31 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनका नाम उन तीन खिलाड़ियों की सूची में जुड़ा है, जिन्होंने इस सीजन शतक लगाया है। बता दें, आईपीएल 2024 में अब तक कुल तीन शतक लगे हैं। रोहित से पहले कोहली और जोस बटलर यह कारनामा कर चुके हैं।

कोहली के 319 रन

ऑरेंज कैप के लीडर बोर्ड में विराट कोहली का राज है। कोहली 319 रनों के साथ इसी सूची में टॉप पर हैं। कोहली के अलावा कोई बल्लेबाज अब तक 300 रनों का आंकड़ा पार नहीं किया है। रोहित शर्मा और कोहली के बीच सिर्फ 58 रनों का अंतर है। चेन्नई सुपर किंग्स के शिवम दुबे 242 रनों के साथ छठे, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 224 रनों के साथ 8वें और ईशान किशन 184 रनों के साथ 15वें पायदान पर हैं।

ये हैं टॉप-5 गेंदबाज, चहल अव्वल

आईपीएल 2024 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में युजवेंद्र चहल 11 विकेटों के साथ टॉप पर हैं। मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक भी विकेट नहीं हासिल हुआ, जिससे वह 10 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर बने हैं। टॉप-5 गेंदबाजों में मुस्तफिजुर रहमान, कगिसो रबाडा और खलील अहमद हैं।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in