Mamata Banerjee and Rahul Gandhi
Mamata Banerjee and Rahul Gandhi raftaar.in
पश्चिम-बंगाल

Bharat Jodo Nyay Yatra: आज एक बार फिर बंगाल में एंटर करेगी राहुल गांधी की न्याय यात्रा

कोलकाता, (हि.स.)। पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश कर दो दिनों की यात्रा पूरी करने के बाद एक बार फिर राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार को बंगाल में प्रवेश करेगी। बुधवार को मालदा के रास्ते बिहार से पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी की इस यात्रा की वापसी होगी। खास बात ये है कि आज ही के दिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मालदा में प्रशासनिक बैठक को संबोधित करेंगी।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा किशनगंज के रास्ते होते हुए बंगाल के मालदा में प्रवेश करेगी

पश्चिम बंगाल में गत 25 जनवरी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को बिहार में प्रवेश कर गई थी। बुधवार को किशनगंज के रास्ते होते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा में प्रवेश करेगी और फिर मुर्शिदाबाद से होकर गुजरेगी। 25 जनवरी को बंगाल में एंट्री के साथ ही राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को विश्राम दे दिया था क्योंकि अगले दिन 26 जनवरी था। रविवार को एक बार फिर वह बंगाल आए थे।

मालदा और मुर्शिदाबाद कांग्रेस के गढ़ माने जाते हैं

रविवार से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी की यात्रा बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग जिलों से गुजरी है। दोबारा वापसी के बाद यह यात्रा उत्तर और दक्षिण मालदा सहित मुर्शिदाबाद में दो संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। मालदा और मुर्शिदाबाद कांग्रेस के गढ़ माने जाते हैं। ऐसे में इसे लोकसभा चुनाव को लेकर काफी अहम माना जा रहा है।

सीएम ममता बनर्जी ने राहुल गांधी से मिलने से मना कर दिया था

गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ऐसे समय पर बंगाल में हुई है जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। ममता बनर्जी को मनाने की भरसक कोशिश कांग्रेस ने की। उन्हें राहुल गांधी से मिलने के लिए भी कहा गया था लेकिन सीएम ने साफ मना कर दिया था।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in