Rahul Gandhi
Rahul Gandhi 
सोनीपत

Rahul Gandhi: सोनीपत में दिखा राहुल गांधी का नया अवतार; चलाया ट्रैक्टर, रोपे धान किसानों से की बातचीत

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क।  काग्रेंस नेता राहुल गांधी इन दिनों नये अवतार में नजर आ रहे हैं। शनिवार को सुबह राहुल गांधी अचानक दिल्ली से सटे सोनीपत में बरोदा क्षेत्र के गांव मदीना में पहुंच गए। राहुल गांधी ने इस दौरान किसानों से खेतों में जा कर मुलाकात की और बातचीत कर फसल की जानकारी ली। राहुल गांधी के आने की सूचना मिलते ही ग्रामीण उनसे मिलने के लिए पहुंच गए।

खेतों में की धान की रोपाई

दरअसल राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश जा रहे थे और इसी दौरान वह रास्ते में सोनीपत के मदीना गांव के खेतों में जा पहुंचे जहां उन्होंने रास्ते में कई जगह खेतों का निरीक्षण किया। मदीना में उन्होंने धान की रोपाई देखी तो वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली और खुद भी मजदूरों के साथ धान रोपने लगे। राहुल गांधी ने इस दौरान खेत में ट्रैक्टर से जुताई भी की और मौके पर पहुंचे ग्रामीणों से भी उन्होंने बातचीत की।

शिमला जाने का था कार्यक्रम

राहुल गांधी को अचानक अपने बीच देखकर लोग भी हैरान हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण राहुल गांधी से मिलने के लिए पहुंच गए। बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल व गोहाना से विधायक जगबीर सिंह मलिक भी उनके आने के बाद मदीना पहुंचे। आपको बता दें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार तड़के दिल्ली से शिमला के लिए निकले थे। कुंडली बॉर्डर पर पहुंचने के बाद उन्होंने अचानक अपना कार्यक्रम बदला और सोनीपत का रुख कर लिया। वहां से वह बरोदा के गांव मदीना में पहुंचे गए।

आम जनमानस से जुड़ रहे राहुल

आपको बता दें कि हरियाणा में कुछ महीनों बाद ही विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भी राहुल गांधी काग्रेंस के लिए जमीन तैयार कर रहे हैं। इससे पहले भी कई बार राहुल गांधी को आम लोगों के पास जाकर उनसे मिलते देखा गया है। अभी कुछ दिन पहले राहुल गांधी को एक ट्रक की सवारी करते दिखा गया था। उसके बाद उन्हें दिल्ली के करोल बाग में एक गैरेज में भी देखा गया था। राहुल गांधी का यह नया अवतार उन्हें आम जनमानस से कनेक्ट करने मे मदद कर रहा है।