Gopal Rai
Gopal Rai raftaar.in
नई-दिल्ली

इस साल होली नहीं मनाएगी AAP, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का करेगी विरोध, 26 मार्च को होगा PM आवास का घेराव

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर काफी नाराज है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि इस वर्ष उनकी पार्टी होली नहीं मनाएगी और सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास का 26 मार्च को घेराव करके अपने विरोध दर्ज कराएंगे। दरअसल यह मामला दिल्ली शराब घोटाला से जुड़ा है, जिसमे अरविंद केजरीवाल का भी नाम आने की वजह से ED ने उनकी गिरफ्तारी की है।

शहादत दिवस पर शनिवार को शहीदी पार्क में एकत्र होंगे

गोपाल राय ने संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप भी लगाया है कि उनकी पार्टी के विधयाको और पार्षदों को अरविंद केजरीवाल के परिवार के सदस्यों से मिलने से रोका गया। वहीं गोपाल ने बताया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने दिनभर हिरासत में लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को लेकर पूरा देश आक्रोशित है। राय ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह 10 बजे आप के विधायक से लेकर कार्यकर्ता तक सभी तथा इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधि लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेंगे। हम लोग भगत सिंह, राज गुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर शनिवार को शहीदी पार्क में एकत्र होंगे। इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के शामिल होने कीसूचना भी गोपाल राय ने दी।

26 मार्च को पीएम हाउस का घेराव किया जाएगा

आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ 24 मार्च को देश की सभी विधानसभा क्षेत्रो में पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 मार्च को होली वाले दिन, किसी तरह का कोई कार्यक्रम आप पार्टी आयोजित नहीं करेगी। अगले दिन 26 मार्च को पीएम हाउस का घेराव किया जाएगा। गोपाल ने बताया इंडिया गठबंधन के दलों से चर्चा करने के बाद जल्द ही दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ एक संयुक्त आंदोलन की घोषणा की जाएगी।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in