नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर और दुनिया के महान खिलाड़ियों में शामिल लियोनेल मेस्सी आज दिल्ली में हैं। भारत दौरे को ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ नाम दिया गया है। कोलकाता और हैदराबाद के बाद दिल्ली उनका आखिरी पड़ाव है। इस मौके पर राजधानी के फिरोजशाह कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में फैंस से मिलने का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।
दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक प्रभावित रहेंगी सड़कें
मेस्सी के इस कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक स्टेडियम के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा, मेस्सी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिस कारण सुरक्षा और यातायात व्यवस्था और सख्त की गई है।
इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
जेएलएन मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक डायवर्जन रहेगा। बहादुरशाह ज़फर मार्ग पर दिल्ली गेट से आईटीओ और रामचरण अग्रवाल चौक तक यातायात सीमित रहेगा। भारी वाहनों की एंट्री दरीयागंज से बहादुरशाह ज़फर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड की ओर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
स्टेडियम में एंट्री और पार्किंग की व्यवस्था
स्टेडियम के गेट 1 से 8 तक की एंट्री बहादुरशाह ज़फर मार्ग से होगी, जबकि गेट 10 से 15 तक जेएलएन मार्ग से और गेट 16 से 18 तक फिर से बहादुरशाह ज़फर मार्ग से प्रवेश मिलेगा।
पार्किंग की सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर उपलब्ध कराई गई है। स्टेडियम के आसपास केवल पास वाले वाहनों को ही पार्किंग की अनुमति होगी। गलत जगह खड़े वाहनों को टो किया जा सकता है। दो साल या उससे अधिक उम्र के सभी दर्शकों के लिए वैध टिकट जरूरी है। QR कोड या टिकट से छेड़छाड़ पाए जाने पर एंट्री नहीं मिलेगी। स्टेडियम में बैग, शराब, ड्रोन, कैमरा, लैपटॉप, छाता और बैनर जैसी चीजें ले जाना मना है। शिशुओं के लिए बेबी फूड और दूध की अनुमति दी गई है। फैंस को डिजिटल टिकट और फोटो पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है।





